CG : दो संतानों की मौत और एक की कमजोर नजर के लिए जिम्मेदार मानकर पिता ने विधवा की आँखे फोड़कर की नृशंस हत्या...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र स्थित नवाडीहकला पियारटोली गांव में जादू-टोने के संदेह में 65 वर्षीय विधवा तिलासो नाग की निर्मम हत्या कर दी गई। गांव के ही बोडरा उर्फ रूपदेव नाग ने पहले महिला की आंख में नुकीली लकड़ी घोंप दी और फिर ईंट से उसके सिर और चेहरे पर प्रहार कर जान ले ली। आरोपी को विश्वास था कि महिला के कारण ही उसके बेटे की दृष्टि चली गई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

महिला उस वक्त घर में अकेली थी, जब यह घटना घटी। मृतका के दामाद कलेश्वर नाग 18 फरवरी को अपनी पत्नी के प्रसव के लिए अंबिकापुर गया था, जिससे सास घर पर अकेली रह गई थी। 24 फरवरी को कलेश्वर को फोन पर सूचना मिली कि उसकी सास का निधन हो गया है। 

जब वह गांव लौटा, तो पाया कि घर बाहर से बंद था। दरवाजे की सिकड़ी खोलकर अंदर पहुंचा, तो सास मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे यह साफ था कि यह हत्या का मामला है।

पुलिस जांच में गांव के बोडरा उर्फ रूपदेव नाग पर शक गहरा गया। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

पुलिस पड़ताल में पता चला कि आरोपी रूपदेव नाग के तीन बच्चे थे। बीते दो वर्षों में उसके एक बेटे और बेटी की मौत क्रमशः सड़क हादसे और पानी में डूबने से हो गई थी। तीसरे बेटे की दृष्टि कमजोर हो गई थी। आरोपी को लगा कि यह सब तिलासो नाग के जादू-टोने की वजह से हुआ है। इससे पहले भी वह मृतका को इस आरोप में मार चुका था।

हत्या के पीछे के कारण को लेकर पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने तिलासो नाग को अपने परिवार के लिए अपशकुनी मान लिया था। जब उसके बेटे की आंखों की रोशनी कम हुई, तो वह बेहद परेशान हो गया था। उसे पता था कि तिलासो नाग घर में अकेली है। 

23 फरवरी की आधी रात वह उसके घर में घुसा और पहले लकड़ी से उसकी आंख में वार किया। इसके बाद पास पड़ी ईंट से चेहरे और सिर पर हमला कर उसे मार डाला। भागते समय उसने दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV