CG : परीक्षा सहायता हेल्पलाइन: छात्रों के सवालों का समाधान अब एक कॉल पर...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर। कई छात्र परीक्षा के दौरान तरह-तरह की चिंताओं से घिर जाते हैं और उनके मन में अजीबोगरीब सवाल उठते हैं। जैसे—अगर पढ़ाई करते समय नींद आने लगे तो क्या करें?, पूरे साल पढ़ाई नहीं की है, तो क्या कोई आसान तरीका है जिससे पास हो सकें?, परीक्षा के डर से नींद क्यों नहीं आ रही?, पढ़ी हुई चीजें याद नहीं रह रही हैं, इसका क्या समाधान है?, क्या प्रश्न पत्र पहले से मिल सकता है?—ऐसे ही प्रश्न माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा शुरू किए गए हेल्पलाइन नंबर पर छात्र पूछ रहे हैं।

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी और हायर सेकेंडरी व्यावसायिक परीक्षाओं से संबंधित समस्याओं का हल देने के उद्देश्य से टोल-फ्री नंबर 180-0233-4363 जारी किया है। यह हेल्पलाइन 15 फरवरी से चालू है, जहां अंग्रेजी, गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान जैसे विभिन्न विषयों से जुड़े सवालों के उत्तर दिए जा रहे हैं। न केवल विषयों से जुड़ी शंकाओं का समाधान किया जा रहा है, बल्कि छात्र, अभिभावक और शिक्षक पढ़ाई से जुड़ी अन्य समस्याओं पर भी मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव पुष्पा साहू ने बताया कि विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक इस हेल्पलाइन का लाभ उठा सकते हैं। विषय विशेषज्ञों के अलावा, मनोचिकित्सक, मनोवैज्ञानिक, शैक्षिक मार्गदर्शक और मंडल के अधिकारी पूरे सप्ताह, कार्यालयीन समय में, इस हेल्पलाइन के माध्यम से छात्रों की शंकाओं और समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV