भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई नगर के सेक्टर 10 बी मार्केट में स्थित एक कार गैरेज में भीषण आग लगने से बाहर खड़ी छह कारें जलकर राख हो गईं। यह घटना 18-19 मार्च की देर रात की है। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, उन्हें देर रात कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि सेक्टर 10 बी मार्केट में आग लग गई है। तुरंत ही एक फायर ब्रिगेड टीम को मौके पर भेजा गया। जब टीम वहां पहुंची, तो पाया कि आग गैरेज में लगी थी और धीरे-धीरे फैल रही थी।
बताया जा रहा है कि यह गैरेज एजाज़ अहमद का है। रोज की तरह वह रात में गैरेज बंद करके घर चला गया था। गैरेज के बाहर मरम्मत के लिए लाई गई कारें खड़ी थीं, जिनमें से एक में अचानक आग लग गई। आग ने तेजी से दूसरी कारों को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते छह गाड़ियां जलकर खाक हो गईं।
आग बुझाने के लिए पहले एक दमकल वाहन भेजा गया था, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए दूसरी फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने पूरी मेहनत के साथ पानी का छिड़काव कर आग को बुझाने में सफलता पाई।
फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। भिलाई नगर पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और गैरेज मालिक से पूछताछ की जा रही है ताकि नुकसान का आकलन किया जा सके और आग लगने की वजह स्पष्ट हो सके।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

