आउटर पर खड़ी ट्रेन से उल्टी करने उतरे 12वीं के छात्र की दूसरी तरफ से आ रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आकर दर्दनाक मौत, मृतक माता- पिता की इकलौती संतान थी....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (मप्र) भोपाल में आउटर पर खड़ी ट्रेन से नीचे उतरे एक नाबालिग छात्र की दर्दनाक हादसे में जान चली गई। वह उल्टी करने के लिए ट्रेन से नीचे उतरा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया। इस दुर्घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उसके मामा के सामने हुआ। मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है। यह घटना गुरुवार रात की है और शुक्रवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

यश रघुवंशी (16), जो सुनील रघुवंशी का बेटा था, कमला नगर के पी एंड टी चौराहे के पास रहता था। वह रातीबढ़ स्थित एक नामी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता था।

हादसे के वक्त यश अपने मामा नीरज के साथ था। गुरुवार सुबह वह अपनी मौसी के घर मिलने गया था और शाम को मामा के साथ भोपाल लौट रहा था। सफर के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई।

रास्ते में ट्रेन आउटर पर रुकी, तभी यश ने उल्टी आने की बात कही और ट्रेन से नीचे उतरने की इच्छा जताई। मामा ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और नीचे चला गया। ट्रैक किनारे खड़े होकर वह उल्टी कर ही रहा था कि दूसरी ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रेन के तेज हवा के झोंके से संतुलन खो बैठा और ट्रेन की चपेट में आ गया।

यह हादसा इतना भयानक था कि यश की मौके पर ही मौत हो गई। माता-पिता के लिए यह एक बड़ा सदमा था, क्योंकि वह उनका इकलौता बेटा था। यश के पिता एक निजी कॉलेज में स्पोर्ट्स टीचर हैं। बेटे को खोने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi