गर्मी में पेयजल संकट से निपटने के लिए राज्य सरकार का विशेष अभियान: 15 दिनों के भीतर हैंडपंप और सार्वजनिक नलों की त्वरित मरम्मत पर जोर...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : गर्मी के मौसम में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार ने एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री साय ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और जल संसाधन विभाग की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि 15 दिनों के भीतर सभी सार्वजनिक नल और हैंडपंप की मरम्मत पूरी की जाए। 

उन्होंने यह भी कहा कि गर्मियों में प्रत्येक नागरिक तक निर्बाध एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए सभी विभागों में बेहतर समन्वय और जनसहभागिता आवश्यक है। साथ ही, उन्होंने जल संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने पर भी जोर दिया ताकि भविष्य में जल संकट की किसी भी स्थिति से प्रदेश सुरक्षित रह सके।

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश में गर्मी के दौरान पेयजल की उपलब्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल संकट की किसी भी संभावना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल और समन्वित कार्रवाई की जाए। ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, ऊर्जा, वन और कृषि विभाग को एकजुट होकर कार्य करने को कहा गया है।

उन्होंने अल्पकालिक और दीर्घकालिक रणनीतियों को समान रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए रिचार्ज पिट, वर्षा जल संग्रहण और सौर ऊर्जा आधारित पंपों को तेजी से अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही भूजल के अनियंत्रित दोहन पर सख्त निगरानी और कम जल-उपयोग वाली फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए गए ताकि जल संसाधनों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित हो सके।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन करें और स्थल पर ही पेयजल से जुड़ी समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने निर्देश दिया कि आगामी 15 दिनों में प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाकर हैंडपंप और सार्वजनिक नलों की मरम्मत पूरी की जाए। मामूली तकनीकी खामियों को स्थानीय मैकेनिकों की मदद से समय पर ठीक करने पर जोर दिया गया ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में बताया गया कि सरकार ने इस कार्य के त्वरित निष्पादन के लिए पूरे प्रदेश में मोबाइल वैन यूनिट्स की व्यवस्था की है। ये यूनिट्स आगामी चार महीनों तक फील्ड में सक्रिय रहकर रखरखाव और मरम्मत का कार्य प्राथमिकता से करेंगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करना राज्य सरकार का दायित्व है। उन्होंने स्थानीय भू-प्राकृतिक परिस्थितियों के अनुरूप जल संरक्षण उपायों को बढ़ावा देने पर बल दिया ताकि दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित हो सके। साथ ही, गर्मी में वन्य प्राणियों के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने अमृत सरोवरों को जल प्रबंधन के मॉडल के रूप में विकसित करने पर जोर दिया ताकि वे जल संग्रहण, वर्षा जल संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी के सफल उदाहरण बन सकें। उन्होंने तालाबों और जलाशयों के आसपास के अतिक्रमण को हटाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि जलस्रोतों की रक्षा केवल प्रशासनिक नहीं बल्कि सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है।

सौर ऊर्जा आधारित पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव को तेज गति से क्रियान्वित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन से जल स्रोतों के दुरुपयोग को नियंत्रित किया जा सकता है और ऊर्जा की बचत भी सुनिश्चित होती है। उन्होंने 'सेंसर आधारित स्वचालित प्रणाली' लागू करने पर जोर दिया ताकि जल वितरण की निगरानी और नियंत्रण तकनीकी रूप से संभव हो सके, जिससे स्मार्ट जल प्रबंधन प्रणाली की ओर एक बड़ा कदम बढ़ाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने पंचायती राज संस्थाओं की भूमिका को जल संरक्षण में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ग्राम स्तर पर जनजागरूकता और सहभागिता से ही जल संकट का दीर्घकालिक समाधान संभव है। उन्होंने ग्राम सभाओं में जल संरक्षण, भूजल प्रबंधन और निस्तारी जल योजनाओं पर व्यापक चर्चा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि सामुदायिक स्तर पर ठोस पहल हो सके। पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग को इन गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया।

इस उच्चस्तरीय बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक, जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो सहित कृषि, वन, जलवायु परिवर्तन और ऊर्जा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi