बॉयफ्रेंड के चक्कर में नई नवेली दुल्हन ने शादी के 15 दिन बाद ही करवा दी पति की हत्या , दीदी के देवर से हुई थी शादी, मुंह दिखाई में मिली बड़ी रकम से शूटर किया था हायर...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नई नवेली दुल्हन ने अपने ही पति की हत्या की साजिश रच डाली। यह घटना 5 मार्च को मैनपुरी निवासी दिलीप कुमार की शादी प्रगति नामक युवती से होने के बाद शुरू हुई। शादी के केवल 15 दिन बाद, 19 मार्च को दिलीप पर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें दो दिन बाद उसकी मौत हो गई। इस हैरान करने वाले केस की मास्टरमाइंड दिलीप की पत्नी प्रगति ही निकली। पुलिस पूछताछ में प्रगति ने अपने अपराध का खुलासा किया और बताया कि उसने यह कदम क्यों उठाया।

सौरभ सिंह हत्याकांड के बाद, यह मामला भी एक त्रिकोणीय प्रेम कहानी का नतीजा निकला। प्रगति ने शादी के महज 15 दिनों में अपने पति को मरवा दिया ताकि वह अपने प्रेमी के साथ रह सके। हैरानी की बात यह है कि उसने अपने पति की जान का सौदा उन्हीं पैसों से किया जो उसे मुंह दिखाई में मिले थे। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।

विज्ञापन 

19 मार्च को कन्नौज के उमर्दा में दिलीप कुमार पर शूटरों ने हमला किया था। मारपीट के बाद दिलीप को सिर के पिछले हिस्से में गोली मारी गई और उसे खेत में फेंक दिया गया। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन 21 मार्च को इलाज के दौरान दिलीप ने दम तोड़ दिया।

जांच के दौरान यह सामने आया कि प्रगति ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस साजिश को अंजाम दिया था। शादी के बाद प्रगति को मुंह दिखाई में बड़ी रकम मिली थी, जिसका इस्तेमाल उसने भाड़े के शूटरों को हायर करने में किया। सौदा दो लाख रुपये में तय किया गया था, जिसमें एक लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की तह तक पहुंची और लेनदेन की जानकारी मिलने के बाद हरपुरा के पास छापा मारकर प्रगति को गिरफ्तार कर लिया।

यह खुलासा हुआ कि प्रगति की शादी उसके प्रेम प्रसंग की जानकारी होने के बाद बड़ी बहन के देवर दिलीप से कराई गई थी। इस शादी से वह खुश नहीं थी, इसलिए उसने प्रेमी के साथ मिलकर दिलीप को रास्ते से हटाने का फैसला किया।

पुलिस जांच में पता चला कि प्रगति, अनुराग यादव (प्रेमी) और शूटरों के बीच व्हाट्सएप कॉल पर बातचीत होती थी। दिलीप की लोकेशन जानने के बाद प्रगति ने यह जानकारी अपने प्रेमी को दी, जिसने शूटरों को सूचित किया। पीछा करने के दौरान अनुराग पुलिस के कैमरे में कैद हो गया। वहीं, ढाबे के पास दिलीप को बहाने से साथ ले जाने के दौरान शूटर भी सीसीटीवी में नजर आ गए। इसी फुटेज की मदद से पुलिस ने पूरे मामले की गुत्थी सुलझाई।

पूछताछ में तीनों आरोपियों ने साजिश की बात कबूल कर ली है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को जेल भेजा गया है और बाकी दोषियों को भी जल्द ही पकड़ा जाएगा। यह मामला एक त्रिकोणीय प्रेम कहानी का खौफनाक अंजाम है, जहां प्रेमी के लिए दुल्हन ने अपने ही दूल्हे की जान ले ली।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi