दुर्ग-भिलाई में चढ़ा पारा: अगले तीन दिन तपिश जारी रहने की संभावना, 19 से मौसम के मिजाज में आएगा बदलाव....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : मार्च की शुरुआत से ही तापमान में वृद्धि देखने को मिल रही है और आने वाले तीन दिनों तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। 19 मार्च से मौसम में बदलाव आने की संभावना है, जब आसमान पर हल्के बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इससे तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। 21 से 23 मार्च के बीच वर्तमान में 38 डिग्री से अधिक चल रहा अधिकतम तापमान घटकर 32-33 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। हालांकि, मार्च के अंतिम सप्ताह में तापमान फिर चढ़ेगा और 28 मार्च के आसपास यह 40 डिग्री तक पहुंच सकता है।

मार्च के मध्य में ही गर्मी का असर तेज हो गया है। अधिकतम तापमान बीते चार दिनों से ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बना रहा है, जो सामान्य से 4-5 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा बढ़कर 21.6 डिग्री तक पहुंच गया है। तापमान में इस बढ़ोतरी के चलते दिन में तेज गर्मी और रात में उमस महसूस की जा रही है। दोपहर के समय लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए हैं, जिससे सड़कों और बाजारों में सन्नाटा छाया रहता है। जो लोग आवश्यक कार्यों से बाहर निकल रहे हैं, वे तेज धूप और लू से बचने के लिए विशेष सावधानियां बरत रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक जिले का मौसम शुष्क बना रहेगा और अधिकतम तापमान में किसी महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, 19 मार्च के बाद मौसम में परिवर्तन देखने को मिलेगा। वर्तमान में पश्चिम-दक्षिण पश्चिम दिशा से चल रही हवाएं उत्तर और उत्तर-पूर्वी दिशा में बदल जाएंगी। इसके चलते आसमान पर लगभग 24% बादल छा सकते हैं, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी।

दुर्ग-भिलाई समेत मध्य और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि, एक-दो स्थानों पर लू जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। इसके बाद तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है। 

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही एक द्रोणिका भी सक्रिय है, जो जिले के मौसम को प्रभावित कर सकती है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi