अनोखा जन्मदिन : जन्म से विकलांगता, महामृत्युंजय का चमत्कार और 300 मेहमानों के साथ धूमधाम, धमतरी में बछिया के जन्मोत्सव का भव्य आयोजन...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक अनोखे अंदाज में बछिया का जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर बाकायदा कार्ड और बैनर छपवाकर लोगों को आमंत्रित किया गया। केक काटने की रस्म भी पूरी की गई। इस दौरान बछिया के लिए खास चारे को उपहार के रूप में भेंट किया गया। मेहमानों के लिए एक भव्य पार्टी का भी आयोजन किया गया।

विकलांगता के बावजूद खास है राधिका

बछिया के मालिक ने बताया कि राधिका का जन्म उनके जीवन का बेहद खुशी भरा पल है। राधिका का जन्म तीन महीने पहले हुआ था और वह जन्म के समय चार में से तीन पैरों से विकलांग थी। बाद में उसका ऑपरेशन कराया गया, जो सफल रहा।

गोद में उठाकर किया गया डांस

सोरिद वार्ड के बाबूलाल सिन्हा ने इस खास मौके के लिए कार्ड छपवाकर लोगों को न्योता दिया। जन्मोत्सव में शामिल होने वाले मेहमानों और बाबूलाल के परिवार ने बछिया को गोद में उठाकर डांस किया। खास बात यह रही कि छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सोहर गीतों पर लोग बछिया को गोद में लेकर झूमे।

पूजा-पाठ से लेकर केक तक की पूरी परंपरा

रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में सुबह सत्यनारायण की पूजा हुई। दोपहर में गड़वा बाजा उत्सव और शाम को रामायण कार्यक्रम के बाद केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।

सड़क हादसों से बचाने का संदेश

इस कार्यक्रम में करीब 300 लोग पहुंचे थे, जिनके लिए प्रीतिभोज का आयोजन किया गया। बाबूलाल का कहना है कि अगर हर कोई सड़क पर घूमने वाले मवेशियों को अपने घर में आश्रय दे, तो उन्हें सड़क हादसों से बचाया जा सकता है। जन्मोत्सव में बछिया के लिए कई लोग उपहार लेकर पहुंचे।

माता लक्ष्मी को कुत्तों ने काटा था

बाबूलाल की पत्नी ने बताया कि बछिया की माता का नाम लक्ष्मी है और बछिया का नाम राधिका रखा गया है। एक बार कुत्तों के काटने से लक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। मोहल्ले वालों का मानना था कि वह बच नहीं पाएगी, लेकिन घर में महामृत्युंजय मंत्र का जाप करने के बाद वह स्वस्थ हो गई। तब से ही घर में शुभ घटनाएं हो रही हैं।

गायों के संरक्षण की प्रेरणा

मोहल्ले के लोगों ने इस आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि लोग कुत्तों का जन्मदिन मनाते हैं, लेकिन गायों की ओर कोई ध्यान नहीं देता। एक मोहल्ले वाले ने एक क्विंटल खल्ली उपहार में दी।

गौ माता का संरक्षण जरूरी

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस तरह के आयोजन से सेवा भावना को बढ़ावा मिलेगा। हिंदू धर्म में गौ माता को भगवान से भी ऊंचा स्थान दिया गया है। ऐसे कार्यक्रमों से लोगों में गायों के संरक्षण और सेवा का संदेश प्रसारित होगा।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi