भिलाई स्टील प्लांट में फिर हादसा: 30 किलो वजनी क्रेन की स्प्रिंग गिरने से मजदूर घायल, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई स्टील प्लांट में एक और गंभीर हादसा सामने आया है। इस दुर्घटना में एक भारी क्रेन की स्प्रिंग टूटकर वहां कार्यरत मजदूर के कंधे पर आ गिरी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद घायल मजदूर को मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

क्रेन की स्प्रिंग अचानक टूटी

मजदूर यूनियन ने इस मामले में विरोध दर्ज किया |प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा प्लेट मिल के अंदर स्थित मैकेनिकल सेक्शन में क्रेन नंबर 34 के नीचे हुआ। मंगलवार रात करीब 8 बजे मिल में काम चल रहा था, तभी अचानक क्रेन की स्प्रिंग टूटकर लटकने लगी।

संयोग से, वहां मौजूद मजदूरों ने इसे समय रहते देख लिया और शोर मचाया। इसके बावजूद सेफ्टी विभाग के कर्मचारी तुरंत मौके पर नहीं पहुंचे।

क्रेन ऑपरेटरों ने नहीं दिया ध्यान

इसी दौरान दो क्रेन ऑपरेटर क्रेन की तरफ बढ़े। मजदूरों के बार-बार चेतावनी देने के बावजूद उन्होंने उनकी बात को नजरअंदाज किया और क्रेन को चालू कर दिया। क्रेन चालू होते ही स्प्रिंग का एक भारी टुकड़ा वहां काम कर रहे मजदूर के कंधे पर आ गिरा।

घायल मजदूर हुआ बेहोश

गंभीर चोट लगने के कारण 45 वर्षीय श्रमिक लक्ष्मण प्रसाद बेहोश होकर गिर पड़ा। बाकी मजदूर जब उसके पास पहुंचे तो उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। कुछ मजदूरों को लगा कि उसकी मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद तुरंत मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और उसे मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच करने के बाद बताया कि चोट की वजह से वह बेहोश हो गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सेक्टर 9 हॉस्पिटल रेफर किया गया।

भारी वजन की स्प्रिंग से बड़ा खतरा

जानकारी के अनुसार, जो स्प्रिंग टूटकर गिरी थी, उसका वजन 30 किलोग्राम से अधिक था। इतनी भारी धातु की वस्तु ऊंचाई से गिरने के कारण मजदूर को गंभीर चोट आई। यदि यह उसके सिर पर गिरती, तो परिणाम घातक हो सकते थे।

मजदूर यूनियन ने प्रबंधन पर उठाए सवाल

सेक्टर 9 हॉस्पिटल में कुछ घंटों तक उपचार के बाद घायल मजदूर को छुट्टी दे दी गई। इस पर सीटू मजदूर यूनियन समेत अन्य संगठनों ने आपत्ति जताई और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। यूनियन का कहना है कि घायल को जल्द डिस्चार्ज कर इस मामले को दबाने की कोशिश की गई है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi