दुर्ग में चौंकाने वाली वारदात: बदमाशों ने फार्म हाउस में घुसकर 500 मुर्गियों को बेरहमी से मार डाला, पुलिस जांच में जुटी....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई। जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक मुर्गी फार्म हाउस में घुसकर 500 मुर्गियों की हत्या कर दी। यह घटना 18 मार्च की आधी रात के बाद की बताई जा रही है। अगले दिन जब फार्म हाउस का मालिक वहां पहुंचा, तो उसने मृत मुर्गियों को देखकर पुलिस को सूचना दी। इस घटना को लेकर फार्म मालिक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 325 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सिरसा खुर्द निवासी अरविंद सर्वे, जो मुर्गी पालन व्यवसाय से जुड़े हैं, ने इस घटना की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि 18 मार्च की रात फार्म हाउस का चौकीदार अपने घर चला गया था। जब वह अगले दिन वापस आया, तो उसने देखा कि फार्म में 500 मुर्गियां मृत पड़ी थीं। सभी मुर्गियां देशी सोनाली नस्ल की थीं। अज्ञात हमलावरों ने लाठी-डंडों से पीटकर इनकी जान ले ली थी। इस भयावह दृश्य की जानकारी मिलते ही चौकीदार ने तुरंत अरविंद सर्वे को सूचित किया, जिसके बाद उन्होंने जेवरा सिरसा चौकी में जाकर शिकायत दर्ज कराई।

अरविंद सर्वे ने अपनी शिकायत में बताया कि 18 मार्च की रात करीब 1 बजे से 4 बजे के बीच कुछ अज्ञात लोग उनके फार्म हाउस में घुसे और उनकी 500 मुर्गियों को मार डाला। इन मुर्गियों की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 325 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में कुछ नाबालिगों को हिरासत में लिया है, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi