भिलाई में 7 करोड़ की लागत से बनेगा स्केटिंग ट्रैक और आधुनिक स्वीमिंग पूल....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में स्थित सुपेला के प्रियदर्शनी परिसर में जल्द ही दो बड़े खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां पर लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से स्केटिंग ट्रैक और 5 करोड़ रुपये की लागत से शानदार स्वीमिंग पूल का निर्माण किया जाएगा। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन के प्रयासों से यह परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं, जिससे खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी।

स्केटिंग ट्रैक: खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात

भिलाई और दुर्ग के खिलाड़ी पिछले 20 वर्षों से स्केटिंग ट्रैक की मांग कर रहे थे। छत्तीसगढ़ के स्केटिंग खिलाड़ी अमितेश मिश्रा को राज्य सरकार द्वारा गुंडाधुर अवार्ड से नवाजा गया है, लेकिन उचित इंफ्रास्ट्रक्चर के अभाव में कई युवा स्केटिंग छोड़ने पर मजबूर हो गए।

विधायक रिकेश सेन ने 13 फरवरी 2025 को दुर्ग जिला खनिज संस्थान न्यास की शासी परिषद् की बैठक में स्केटिंग ट्रैक प्रोजेक्ट पेश किया, जिसे 28 फरवरी को तत्कालीन कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी द्वारा 1.96 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली। यह ट्रैक प्रियदर्शनी परिसर में एक वर्ष के भीतर बनकर तैयार होगा।

5 करोड़ रुपये से बनेगा शानदार स्वीमिंग पूल

भिलाई में तैराकों को उपयुक्त सुविधाएं न मिलने के कारण उन्हें निजी संस्थानों के पूल का सहारा लेना पड़ता था। इस समस्या को दूर करने के लिए विधायक रिकेश सेन ने मार्डन स्वीमिंग पूल की मांग को प्रशासन के समक्ष रखा। 28 फरवरी को तत्कालीन कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने 4.97 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी।

एक वर्ष में होगा निर्माण कार्य पूरा

विधायक रिकेश सेन के अनुसार, प्रियदर्शनी परिसर में स्केटिंग ट्रैक और स्वीमिंग पूल के निर्माण कार्य को 365 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यदि बजट में कोई कमी आती है तो संशोधित स्वीकृति लेकर परियोजना को पूरा किया जाएगा।

भविष्य में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बढ़ावा

इन नई खेल सुविधाओं के बनने से रोल एवं स्पीड स्केटिंग और तैराकी के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए उत्तम स्थान मिलेगा। इससे वैशाली नगर, भिलाई और छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi