भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : महाराष्ट्र के नागपुर के महाल क्षेत्र में सोमवार रात करीब 8:30 बजे दो गुटों के बीच झड़प हो गई। यह हिंसा विश्व हिंदू परिषद (VHP) द्वारा औरंगजेब का पुतला जलाने के बाद भड़की।
अधिकारियों के अनुसार, अफवाह फैली कि प्रदर्शनकारियों ने पुतले के साथ एक धार्मिक ग्रंथ को भी आग के हवाले कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। इस दौरान कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया और दो जेसीबी मशीनों में आग लगा दी गई। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।
इस घटना में DCP निकेतन कदम पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जबकि अन्य कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने हिंसा में संलिप्त 15 लोगों को हिरासत में लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागपुर हमेशा से शांतिप्रिय शहर रहा है और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
DCP अर्चित चांडक ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कुछ पुलिस कर्मी घायल हुए हैं, और उन्हें स्वयं भी हल्की चोट लगी है।
हजारों की भीड़ ने हिंसा को अंजाम दिया
चिटनिस पार्क और महाल क्षेत्र में हिंसा का व्यापक असर देखने को मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चिटनिस पार्क से शुक्रवारी तलाव रोड तक का इलाका सबसे अधिक प्रभावित हुआ, जहां दंगाइयों ने कुछ चार पहिया वाहनों को आग लगा दी। इसके अलावा, कई घरों पर भी पत्थरबाजी की गई। पुलिस भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लगातार प्रयासरत रही।
औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग
विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल ने महाराष्ट्र सरकार से औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग की है। इस मुद्दे को लेकर राज्य में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं, और सरकार ने कब्र की सुरक्षा बढ़ा दी है।
VHP के महाराष्ट्र-गोवा क्षेत्रीय मंत्री गोविंद शेंडे ने औरंगजेब की कब्र को गुलामी का प्रतीक बताते हुए कहा कि औरंगजेब ने छत्रपति संभाजी महाराज को 40 दिनों तक प्रताड़ित करने के बाद मार दिया था। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे अत्याचारी शासक की कब्र को संरक्षित रखने की कोई आवश्यकता क्यों होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि औरंगजेब के विचारों का महिमामंडन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और ऐसी सोच को पूरी तरह कुचल दिया जाएगा।
हिंदू संगठनों का विरोध प्रदर्शन
सोमवार सुबह महाराष्ट्र में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान मुगल आक्रांताओं के पुतले जलाए गए।
भाजपा विधायक टी राजा सिंह का बयान
तेलंगाना के गोशामहल से भाजपा विधायक और हिंदूवादी नेता टी राजा सिंह ने भी औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र लिखकर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा मकबरे के रखरखाव पर किए जा रहे खर्च का विवरण मांगा है। उनका कहना है कि हिंदू राजाओं की हत्या करने वाले और मंदिरों को ध्वस्त करने वाले औरंगजेब की कब्र पर सरकारी धन खर्च करने का कोई औचित्य नहीं है।
पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की
औरंगजेब की कब्र के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। विभिन्न स्थानों पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं और अब वहां केवल एक व्यक्ति को ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। पुलिस ने कब्र के मुख्य द्वार को बंद कर दिया है और आम जनता का प्रवेश निषेध कर दिया गया है। फिलहाल, मकबरे को केवल बाहर से ही देखा जा सकता है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

