भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : पाकिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने मंगलवार को जाफर एक्सप्रेस पर हमला कर उसे अपने कब्जे में ले लिया। संगठन ने दावा किया है कि उन्होंने 182 यात्रियों को बंधक बना रखा है। पहले जारी किए गए बयान में यह संख्या 100 से अधिक बताई गई थी।
BLA के अनुसार, इस हमले में अब तक 11 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं और एक ड्रोन को भी गिरा दिया गया है। संगठन के लड़ाकों ने अब भी ट्रेन पर पूरा नियंत्रण बनाए रखा है।
पाकिस्तान सरकार का बयान: इमरजेंसी लागू, चार अहम बातें
1. क्वेटा से पेशावर जा रही ट्रेन पर पहरो कुनरी और गदालार के बीच भारी गोलीबारी की खबर के बाद इलाके में आपातकाल घोषित कर दिया गया।
2. ट्रेन में कुल 9 कोच थे, जिनमें 500 यात्री सवार थे। हथियारबंद लड़ाकों ने ट्रेन को टनल नंबर-8 के पास रोक लिया। सरकार यात्रियों से संपर्क साधने की कोशिश कर रही है।
3. दुर्गम और पथरीला इलाका होने के कारण सरकारी अधिकारियों को मौके पर पहुंचने में कठिनाई हो रही है।
4. क्वेटा के सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी लागू कर दी गई है। सभी डॉक्टरों, विशेषज्ञों और अन्य चिकित्सा कर्मियों को तत्काल ड्यूटी पर लौटने का आदेश दिया गया है।
BLA ने बयान जारी कर दी जानकारी
1. संगठन ने कहा कि यह ऑपरेशन माशकाफ, धादर और बोलान में योजनाबद्ध रूप से किया गया था। रेलवे ट्रैक को विस्फोट से नष्ट कर दिया गया, जिससे जाफर एक्सप्रेस रुक गई और उसके बाद इस पर कब्जा कर लिया गया।
2. बंधकों में पाकिस्तानी सेना, पुलिस, एंटी-टेररिज्म फोर्स (ATF) और इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) के अधिकारी शामिल हैं, जो पंजाब की ओर जा रहे थे। महिलाओं, बच्चों और बलूच यात्रियों को छोड़ दिया गया है।
3. इस ऑपरेशन का नेतृत्व BLA की आत्मघाती इकाई और मजीद ब्रिगेड कर रही है। इसे फतेह स्क्वाड, STOS और जिराब इंटेलिजेंस विंग का सहयोग प्राप्त है।
4. संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि उन पर कोई सैन्य कार्रवाई की गई तो सभी बंधकों की हत्या कर दी जाएगी, और इसके लिए पूरी जिम्मेदारी पाकिस्तानी सेना की होगी।
इससे पहले हुए हमले
1. 14 नवंबर को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर एक धमाके में 26 लोगों की जान गई थी और 50 से ज्यादा घायल हुए थे। इस हमले की जिम्मेदारी भी BLA ने ली थी।
2. 25-26 अगस्त 2024 की रात BLA ने कोलपुर और माच के बीच एक पुल को उड़ा दिया था, जिससे ट्रेन सेवा रोकनी पड़ी थी। 11 अक्टूबर 2024 को ट्रेन संचालन पुनः शुरू हुआ था।
3. 16 फरवरी 2023 को भी जाफर एक्सप्रेस में एक विस्फोट हुआ था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। यह हमला चिचावतनी रेलवे स्टेशन पार करने के बाद हुआ था, जिसकी जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने ली थी।
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी क्या है?
बलूचिस्तान के कई लोगों का मानना है कि 1947 में भारत-पाकिस्तान विभाजन के बाद उन्हें स्वतंत्र देश के रूप में रहना चाहिए था, लेकिन जबरन पाकिस्तान में शामिल कर दिया गया। इसी कारण बलूचिस्तान में सरकार और स्थानीय लोगों के बीच संघर्ष आज भी जारी है।
BBC के अनुसार, बलूचिस्तान की आजादी की मांग करने वाले कई संगठन हैं, लेकिन उनमें से सबसे प्रभावशाली BLA है। यह संगठन 1970 के दशक में बना था, लेकिन 21वीं सदी में इसका प्रभाव काफी बढ़ गया।
BLA का उद्देश्य बलूचिस्तान को पाकिस्तान और चीन के प्रभाव से मुक्त कराना है। संगठन का मानना है कि क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों पर बलूच लोगों का अधिकार होना चाहिए। पाकिस्तान सरकार ने 2007 में BLA को एक आतंकी संगठन घोषित कर दिया था।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

