वैष्णो देवी मंदिर में सुरक्षा चूक: लोडेड पिस्टल के साथ मंदिर में घुसी महिला गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस से निकला कनेक्शन...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : जम्मू-कश्मीर के त्रिकुटा पर्वत पर स्थित प्रसिद्ध श्री माता वैष्णो देवी मंदिर की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। एक महिला मंदिर के गर्भगृह तक लोडेड पिस्टल लेकर पहुंच गई, जिससे वहां हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया।

दिल्ली की महिला के पास से मिला हथियार

गिरफ्तार की गई महिला की पहचान दिल्ली निवासी ज्योति गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार 14-15 मार्च की रात को ‘भवन’ के पास एक चौकी पर तलाशी के दौरान ज्योति गुप्ता को हथियार और छह जिंदा कारतूसों के साथ पकड़ा गया। जाँच में सामने आया कि महिला के पास जो पिस्टल मिली, उसका लाइसेंस कई साल पहले समाप्त हो चुका था।

दिल्ली पुलिस से है महिला का संबंध

जांच में यह भी पता चला कि गिरफ्तार महिला दिल्ली पुलिस में सेवारत रही है और खुद को सेवानिवृत्त कांस्टेबल बताती है। पुलिस ने उसके खिलाफ कटरा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया है और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

यूपी के यात्री से भी मिले थे कारतूस

इसी तरह की एक अन्य घटना में उत्तर प्रदेश के संजय सिंह नाम के एक यात्री के बैग से दो कारतूस बरामद हुए। यह मामला सोमवार को सामने आया, जब पुलिस ने तलाशी के दौरान कारतूस बरामद किए। पुलिस संजय सिंह से पूछताछ कर रही है और इस मामले की भी जांच जारी है।

शराब कांड के बाद अब हथियार की घटना

गौरतलब है कि इससे पहले सोशल मीडिया स्टार ओरी से जुड़ा शराब कांड भी चर्चा में रहा था। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने माता वैष्णो देवी मंदिर के आधार शिविर कटरा के एक होटल में शराब पीने के आरोप में ओरी और सात अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था।

रिपोर्ट के मुताबिक, कटरा के होटलों में शराब और मांसाहारी भोजन पर पूरी तरह से प्रतिबंध है, इसके बावजूद ओरी और उनके साथ मौजूद एक रूसी नागरिक समेत अन्य लोग होटल के अंदर शराब पीते पाए गए। इस मामले में रियासी पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की थी। अब इस नए पिस्टल कांड ने सुरक्षा एजेंसियों को एक बार फिर सतर्क कर दिया है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi