भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में एक युवक की लाश मक्के के खेत में पाई गई। मृतक झारखंड का निवासी था और बैंगलोर में काम करता था। वह अपने दोस्त के साथ ट्रेन से झारखंड के लिए निकला था, लेकिन अचानक उसने भिलाई तीन रेलवे स्टेशन पर उतरने का फैसला कर लिया| अगले दिन उसका शव खेत के किनारे बरामद हुआ।
खेत में मिली युवक की लाश
पुरानी भिलाई थाना प्रभारी महेश ध्रुव के अनुसार, बुधवार की सुबह किसान पुनीत निर्मलकर के पुत्र चूड़ामणि निर्मलकर ने युवक की लाश देखी और पुलिस को सूचना दी कि सिरसा कला से देवबलौदा जाने वाले रास्ते में उसके खेत के पास एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।
झारखंड का निवासी था मृतक
जांच में पता चला कि युवक झारखंड का रहवासी था और बैंगलोर में काम करता था। वह अपने एक दोस्त के साथ झारखंड जाने के लिए ट्रेन में सवार हुआ था। लेकिन मंगलवार को उसने अचानक भिलाई तीन स्टेशन पर उतरने का फैसला किया।
होटल में अंतिम बार देखा गया था
मंगलवार की रात उसे सिरसाकला के एक होटल में देखा गया था। इसके बाद बुधवार को उसका शव खेत के किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया है।
कुत्तों ने किया था पीछा
जांच के दौरान एसीसीयू क्राइम टीम ने आसपास के इलाकों से जानकारी इकट्ठा की। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार की रात कुत्ते जोर-जोर से भौंक रहे थे। कुछ लोगों ने देखा कि एक व्यक्ति कुत्तों से बचने के लिए भागते हुए खेत की ओर जा रहा था।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक जब अपने घर लौट रहा था तो उसने भिलाई तीन रेलवे स्टेशन पर अचानक क्यों उतरने का फैसला किया? क्या वह किसी के साथ उतरा था? रेलवे स्टेशन से देवबलौदा मार्ग तक वह कैसे पहुंचा? उसकी मृत्यु के पीछे दुर्घटना है या कोई साजिश? पुलिस इन सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

