भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल 25 मार्च को दुर्ग जिले के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिला अस्पताल और सीएम मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। मंत्री के काफिले में जिले के सभी विधायकों की गाड़ियां शामिल थीं। इसी दौरान दो विधायक और एक पूर्व विधायक की गाड़ियां आपस में टकरा गईं।
सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दुर्ग सर्किट हाउस से जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इसके बाद दोपहर में वे चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज, कचादुंर पहुंचे। जब उनका काफिला सूर्या मॉल चौक के पास पहुंचा, तब अहिरवारा के पूर्व विधायक सांवलाराम डाहिरे की गाड़ी का ड्राइवर ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था।
विज्ञापन
जैसे ही वह आगे निकलने वाला था, सामने चल रही अहिरवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा की गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पूर्व विधायक की स्कॉर्पियो ने विधायक की इनोवा को पीछे से टक्कर मार दी। इसी बीच पीछे से आ रही दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर की इनोवा ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों गाड़ियों के आगे और पीछे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ समय के लिए स्वास्थ्य मंत्री का काफिला वहीं रुका, जिसके बाद सभी गाड़ियां आगे बढ़ गईं। यदि गति अधिक होती, तो यह एक बड़ी दुर्घटना में बदल सकती थी।
अपने दौरे के दौरान, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जिला अस्पताल और चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि स्वास्थ्य सेवाएं अव्यवस्थित थीं और मेडिकल स्टूडेंट्स की पढ़ाई भी अनियमितता का शिकार थी।
चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में मंत्री ने सबसे पहले क्लासरूम का निरीक्षण किया, जहां 200 मेडिकल स्टूडेंट्स पढ़ रहे थे। क्लासरूम की स्थिति देख मंत्री ने पाया कि वहां की व्यवस्था बहुत खराब थी। चौड़े हिस्से में जोट चेयर रखी गई थीं, और एक छोटी एलईडी टीवी लगाई गई थी, जो ठीक से दिखाई नहीं दे रही थी। इसके साथ ही शिक्षक की आवाज पीछे तक नहीं पहुंच रही थी।
मंत्री ने डीन को निर्देश दिया कि क्लासरूम में बड़ी एलईडी टीवी लगाई जाए या कई एलईडी टीवी लगाए जाएं। साथ ही, उन्होंने साउंड सिस्टम की भी उचित व्यवस्था करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अहिरवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, दुर्ग शहर और ग्रामीण विधायक गजेंद्र यादव व ललित चंद्राकर, पूर्व विधायक सांवलाराम डाहिरे, कलेक्टर, एसपी और अन्य अधिकारी तथा मेडिकल कॉलेज का स्टाफ भी मौजूद था।
अस्पताल के निरीक्षण में स्वास्थ्य मंत्री को कई खामियां मिलीं। ट्रॉमा सेंटर, मातृत्व केंद्र, ओपीडी और ऑपरेशन थिएटर में कई कमियां पाई गईं, जिन्हें तुरंत सुधारने के निर्देश दिए गए।
दुर्ग जिला अस्पताल को और बेहतर बनाने के लिए मंत्री ने विशेष कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने पाया कि डॉक्टरों की कमी थी और 6 डायलिसिस यूनिट बढ़ाने की जरूरत थी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दुर्ग जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज अस्पताल को बेहतर बनाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के साथ हुई बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। लगभग दो घंटे तक चली बैठक में अलग-अलग एजेंडों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद मंत्री ने लंच किया और फिर लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


