चलती ट्रेन से कूदकर रेप से बची युवती, लेडीज कोच में थी अकेली , अकेलेपन का फायदा उठाकर दरिंदे की रेप की कोशिश , युवती घायल...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : हैदराबाद, तेलंगाना में एक दिल दहला देने वाली घटना में एक युवती ने खुद को रेप से बचाने के लिए चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। सौभाग्य से, वह इस हादसे में बच गई, हालांकि उसके सिर, ठोड़ी, दाहिने हाथ और कमर में चोटें आई हैं। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने सोमवार को बताया कि 23 वर्षीय यह महिला उस वक्त ट्रेन से कूदी जब एक व्यक्ति ने उसके साथ बलात्कार का प्रयास किया। फिलहाल, युवती का इलाज सरकारी गांधी अस्पताल में चल रहा है। पीड़िता ने रविवार को पुलिस को बताया कि यह घटना 22 मार्च की शाम की है।

अकेलेपन का फायदा उठाकर किया हमला

महिला ने बताया कि वह सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन से मेडचल जा रही एमएमटीएस (मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट सिस्टम) ट्रेन के लेडीज कोच में अकेले सफर कर रही थी। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सोमवार को पीड़िता के परिवार से बात की और अपराधी को सख्त सजा दिलाने का आश्वासन दिया।

निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती

मंत्री संजय कुमार के कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में बताया गया कि पीड़िता को बेहतर इलाज के लिए एक निजी सुपर-स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष शिल्पा रेड्डी को निर्देश दिया कि वे महिला को सरकारी अस्पताल से निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने में मदद करें। भाजपा ने अपने बयान में पुष्टि की कि शिल्पा रेड्डी ने पीड़िता को निजी अस्पताल के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया है।

घटना की पूरी कहानी

पुलिस के अनुसार, युवती ने बताया कि कोच में यात्रा कर रही दो अन्य महिला यात्रियों के अलवल रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद एक 25 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति ने उससे यौन संबंध बनाने की मांग की। मना करने पर उसने जबरदस्ती करने की कोशिश की, जिससे घबराकर युवती ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इस दौरान उसे सिर, ठोड़ी, दाहिने हाथ और कमर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय राहगीरों की मदद से उसे गांधी अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस जुटा रही सबूत

जीआरपी सिकंदराबाद की पुलिस अधीक्षक जी चंदना दीप्ति ने मीडिया को बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। जांचकर्ता सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और सबूत इकट्ठा कर रहे हैं। एसपी ने कहा कि महिला की हालत स्थिर है और उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। पुलिस के अनुसार, महिला ने भरोसा जताया है कि वह आरोपी को पहचान लेगी। पुलिस ने हमले की पुष्टि करते हुए भारतीय दंड संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

बीआरएस विधायकों ने जताई चिंता

फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म में काम करने वाली इस महिला ने बताया कि वह 22 मार्च को अपना मोबाइल फोन ठीक कराने के लिए मेडचल से सिकंदराबाद गई थी। इस बीच, बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामा राव ने 'एक्स' पर पोस्ट कर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से रेलवे पुलिस को जल्द जांच का निर्देश देने की अपील की।

 उन्होंने कहा कि तेलंगाना पुलिस और महिला एवं बाल कल्याण मंत्रालय को युवती की हर संभव मदद करनी चाहिए। बीआरएस विधायक और पूर्व मंत्री पी सबिता इंद्र रेड्डी ने अन्य पार्टी नेताओं के साथ गांधी अस्पताल में युवती से मुलाकात की। उन्होंने राज्य सरकार से युवती को हर संभव सहायता देने की मांग की और राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता भी जताई।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi