भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नए कलेक्टर अभिजीत सिंह ने 6 मार्च को दोपहर 3:30 बजे अपनी जिम्मेदारी संभाल ली। इससे कुछ घंटे पहले ही पूर्व कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने उन्हें चार्ज सौंपकर कलेक्टोरेट से विदाई ली। अभिजीत भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2012 बैच के अधिकारी हैं।
परीक्षा में सुधार कर बने आईएएस
अभिजीत ने वर्ष 2011 में आईएएस की परीक्षा उत्तीर्ण की थी, जिसमें उनकी रैंक 773 थी। उस दौरान वे बेंगलुरु में असिस्टेंट डायरेक्टर जनरल ऑफ फॉरेन ट्रेड के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने 2012 में पुनः परीक्षा दी और अपनी रैंकिंग में सुधार कर आईएएस बने। इसके बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ कैडर को चुना।
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट से हैं अभिजीत
अभिजीत सिंह उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के रैपुरा गांव से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता अरुण सिंह वायुसेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनके दादा महेंद्र प्रसाद सिंह शिक्षा विभाग में अधिकारी के रूप में कार्य कर चुके हैं। अभिजीत की स्कूली शिक्षा प्रयागराज में पूरी हुई।
पूर्व में इन पदों पर निभाई जिम्मेदारी
दुर्ग जिले का कलेक्टर बनने से पहले अभिजीत सिंह नारायणपुर और कांकेर जिलों में कलेक्टर के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा, वे छत्तीसगढ़ शासन में विशेष सचिव गृह एवं जेल विभाग, विशेष सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग और लोक सेवा आयोग के सचिव के रूप में कार्यरत थे।
कलेक्टोरेट का किया निरीक्षण
प्रभारी कलेक्टर अरविंद एक्का से कार्यभार ग्रहण करने के बाद अभिजीत सिंह ने कलेक्टोरेट की विभिन्न शाखाओं का दौरा किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय लिया। इस अवसर पर उनके साथ सहायक कलेक्टर एम भार्गव, जिला पंचायत के सीईओ बीके दुबे, नगर निगम दुर्ग के आयुक्त सुमीत अग्रवाल, एसडीएम दुर्ग हरवंश सिंह मिरी, एसडीएम धमधा सोनल डेविड, संयुक्त कलेक्टर लता उर्वशा और सिल्ली थामस सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

