रायपुर में जापानी महिला का संदिग्ध परिस्थिति में मिला बैग : पासपोर्ट, लैपटॉप और बैंकिंग दस्तावेज बरामद, महिला का बैग रायपुर में कैसे पहुंचा? पुलिस जांच में जुटी...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर में एक जापानी महिला का बैग संदिग्ध परिस्थिति में मिला है। यह बैग काले रंग का है और इसमें लैपटॉप, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पासपोर्ट समेत कई जरूरी दस्तावेज मौजूद हैं। इसके अलावा, टोक्यो से दिल्ली और जयपुर की फ्लाइट का टिकट भी बरामद हुआ है।

यह बैग रायपुर के पुरानीबस्ती थाना क्षेत्र की प्रोफेसर कॉलोनी में मिला। स्थानीय पुलिस ने इस मामले की जानकारी जापानी दूतावास को भेज दी है और महिला की खोजबीन शुरू कर दी गई है।

कचरे के ढेर में मिला बैग

प्रोफेसर कॉलोनी में एक युवक रात करीब 10 बजे सैर कर रहा था, तभी उसे कचरे के ढेर में एक बैग नजर आया। जब उसने इसे खोला, तो अंदर लैपटॉप और अन्य दस्तावेज पाए। तुरंत उसने पुरानीबस्ती पुलिस को इस घटना की सूचना दी। थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने मौके पर पहुंचकर बैग की जांच की, जिसमें एक महिला का पासपोर्ट मिला।

महिला के बैंकिंग सेक्टर से जुड़े होने की संभावना

जांच में पता चला कि यह बैग फ़ुकिको ओतसूबो नामक 65 वर्षीय जापानी महिला का है। वह जापान की राजधानी टोक्यो के पास किसी शहर की निवासी हैं और संभवतः मर्चेंट बैंकिंग सेक्टर से जुड़ी हुई हैं। बैग में बैंक से संबंधित कुछ दस्तावेज भी मिले हैं, जिससे इस संभावना को बल मिला है।

रायपुर में बैग कैसे पहुंचा, यह अब भी रहस्य

बैग में टोक्यो से दिल्ली और जयपुर की फ्लाइट टिकट तो मौजूद है, लेकिन रायपुर तक पहुंचने का कोई प्रमाण नहीं मिला। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह बैग रायपुर कैसे आया? क्या इसे किसी ने चोरी कर लाकर यहां फेंका? महिला किस उद्देश्य से भारत आईं थीं? और फिलहाल वे कहां हैं? कहीं वे किसी अप्रिय घटना का शिकार तो नहीं हुईं? इन सभी सवालों के जवाब खोजने में पुलिस जुटी हुई है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi