भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार को दिनदहाड़े 20 लाख रुपये की लूट की बड़ी घटना सामने आई है। नकाबपोश बदमाशों ने स्कॉर्पियो से एक कार का पीछा किया और टक्कर मारकर उसे रोका। इसके बाद उन्होंने बंदूक दिखाकर कार में सवार लोगों को धमकाया और उनके साथ मारपीट की। बदमाश कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए। यह घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के पोटियाडीह में हुई है।
घटना में धान व्यापारी के कर्मचारी पुरुषोत्तम साहू ने बताया कि स्कॉर्पियो में आए तीन नकाबपोश लुटेरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। कार की नंबर प्लेट की जांच करने पर पता चला कि वह फर्जी थी।
विज्ञापन
पुरुषोत्तम साहू (30 वर्ष) ने बताया कि वे तीन लोग कार (CG08 AU 4942) में सवार होकर राजनांदगांव से धमतरी की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 1:35 से 1:40 के बीच आमदी के पास स्कॉर्पियो ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मारकर रोक दिया। इसके बाद तीन नकाबपोश बदमाश स्कॉर्पियो से उतरे और गन व जैक रॉड दिखाकर डराने लगे। उन्होंने कार के पीछे का शीशा तोड़ दिया।
घटना के तुरंत बाद पुरुषोत्तम ने अपने मालिक निर्मल जैन, जो एक धान व्यापारी हैं, को इसकी जानकारी दी। वे 20 लाख रुपये धान की खरीद-फरोख्त के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी वहां से गुजर रहा था, जिसे घटना की सूचना दी गई। पुलिसकर्मी ने थाने का नंबर दिया, जिसके बाद घटना की सूचना सीधे थाने में दी गई।
पुलिस को जानकारी मिलते ही पूरे शहर में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


