भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) अंबिकापुर। मणिपुर थाना क्षेत्र के भट्ठापारा में बुधवार सुबह एक नवविवाहिता का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतका शादी के बाद पहली होली मनाने के लिए झारखंड स्थित मायके गई थी और घटना से महज दो घंटे पहले ही पति के साथ ससुराल लौटी थी। महिला के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष लगातार दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहा था और बोलेरो व बुलेट की मांग कर रहा था। उन्होंने मणिपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मायके से लौटने के बाद बढ़ी प्रताड़ना
परिजनों ने बताया कि रोशनी ने घटना से पहले अपने पिता को फोन कर जानकारी दी थी कि ससुराल में उससे मारपीट किया जा रहा है। इसके करीब आधे घंटे बाद उसने दोबारा फोन कर बताया कि उसके साथ मारपीट हो रही है। इसके तुरंत बाद रोशनी के देवर ने पिता को कॉल कर बताया कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
शरीर पर चोट के गहरे निशान
मृतका के पिता और भाई जब अंबिकापुर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि रोशनी के शरीर पर कई जगह चोटों के निशान थे और पूरा शरीर नीला पड़ा हुआ था। परिजनों का आरोप है कि उसे डंडों से पीटा गया था।
परिजनों का आरोप: हत्या कर लटकाया गया
मृतका के भाई विनोद ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि शादी के समय दो लाख रुपये नकद और अन्य सामान दिया गया था। लेकिन शादी के बाद से ही पति अक्षय, ससुर उमेश पासी, सास गिरजा देवी, देवर नान्हू पासी और ननद मंदा देवी व चंदा देवी लगातार दहेज की मांग कर रहे थे और रोशनी को प्रताड़ित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि जब होली के दौरान पति अक्षय मायके आया था, तब भी उसने दहेज की मांग की थी। परिवार ने किसी तरह समझा-बुझाकर उसे वापस भेजा, लेकिन ससुराल पहुंचते ही रोशनी को फिर प्रताड़ित किया जाने लगा। भाई का आरोप है कि ससुराल वालों ने मारपीट के बाद उसकी गला दबाकर हत्या की और फिर फांसी पर लटका दिया।
पुलिस कर रही जांच
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगने से दम घुटने की पुष्टि हुई है, लेकिन शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

