CG : नाबालिग रेप पीड़िता ने शेल्टर होम के वॉशरूम में फांसी लगाकर की आत्महत्या , मेडिकल जांच के लिए रखा गया था आश्रय गृह में , माँ का हो चुका है निधन पिता मानसिक रूप से कमजोर , मामला दर्ज करवाने अकेले पहुंची थी थाने...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक नाबालिग रेप पीड़िता ने शेल्टर होम के वॉशरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय नाबालिग आस्ता थाना क्षेत्र की निवासी थी। तीन दिन पहले वह जशपुर शहर पहुंची और कोतवाली थाने में बलात्कार की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने प्राथमिक रूप से मामला दर्ज कर लिया और पीड़िता को परामर्श के लिए आश्रय गृह में रखा गया। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे उसने आत्महत्या कर ली।

पीड़िता ने पुलिस को बताया था कि गांव के ही एक 15 वर्षीय नाबालिग ने उसके साथ बलात्कार किया था। लड़की की मां का पहले ही निधन हो चुका था और पिता मानसिक रूप से कमजोर है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मेडिकल जांच होनी बाकी थी।

फिलहाल, आत्महत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। जशपुर एसडीओपी चंद्रशेखर परमा ने बताया कि पीड़िता के परिवार को सूचना दे दी गई है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

नाबालिग लड़की अकेले ही अपने गांव से जशपुर आई थी, लेकिन किन परिस्थितियों में उसने यह कठोर कदम उठाया, इसका पता लगाने के लिए पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi