CG : कद्दू के दाम पर शुरू हुई बहस बनी जानलेवा: रायपुर में सब्जीवाले ने ग्राहक को सिर के बल पटका हुई मौत, मची सनसनी...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) रायपुर में सब्जी खरीदने के दौरान मोलभाव करना एक ग्राहक की जान पर भारी पड़ गया। कद्दू के दाम कम करने की बात पर बहस इतनी बढ़ी कि दुकानदार ने ग्राहक को उठाकर सिर के बल जमीन पर पटक दिया। इस घटना में ग्राहक का सिर फट गया और अधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई। यह घटना उरला के खमतराई थाना क्षेत्र की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नारायण सिंह (50) के रूप में हुई है, जो बिहार के छपरा जिले के धोबाही गांव का निवासी था। हत्या का आरोप सब्जी दुकानदार रेशम ढीमर उर्फ गोलू ढीमर (28) पर लगा है, जो महासमुंद जिले के पिथौरा रावांभांठा का रहने वाला है।

विज्ञापन 

घटना कैसे घटी?  

यह दर्दनाक घटना 22 मार्च की शाम लगभग 6 बजे हुई। नारायण सिंह रावाभाटा स्थित बंजारी मंदिर के पास सब्जी खरीदने पहुंचे थे। उन्होंने गोलू ढीमर की दुकान से कद्दू लेकर दाम पूछा और फिर दाम कम करने को कहा। मोलभाव के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

दुकानदार गोलू ने नारायण सिंह की बातों से नाराज होकर गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने नारायण को जान से मारने की धमकी दी।

मुक्के से मारने के बाद सिर के बल जमीन पर पटका  

विवाद बढ़ने पर गोलू ने पहले नारायण को मुक्के से पीटा, फिर गुस्से में आकर उसे उठाकर सिर के बल जमीन पर पटक दिया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। नारायण को गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

कोर्ट ने आरोपी को जेल भेजा  

पुलिस ने बताया कि आरोपी गोलू ढीमर के खिलाफ खमतराई थाने में FIR दर्ज की गई है। पूछताछ में गोलू ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi