भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :धरसीवां, रायपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक नाबालिग और विवाहित महिला के प्रेम संबंध का अंत खौफनाक हत्या पर हुआ। प्रेम में धोखा मिलने पर नाबालिग ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। मामले में तीसरे व्यक्ति की मौजूदगी ने हालात और बिगाड़ दिए, जिससे नाराज होकर नाबालिग ने यह खतरनाक कदम उठाया।
खेत में मिली विवाहिता की लाश
20 मार्च की रात को नरदहा से एक विवाहिता घर से अचानक लापता हो गई थी। 23 मार्च को धरसीवां पुलिस को मोहदी टाडा मार्ग के पास एक खेत में महिला की अर्धनग्न अवस्था में लाश मिली। मृतका की पहचान 28 वर्षीय सरिता यादव के रूप में हुई, जो नरदहा थाना विधानसभा की निवासी थीं।
गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही दर्ज
सरिता यादव की लापता होने की शिकायत परिजनों ने 20 मार्च की रात को ही थाना विधानसभा में दर्ज कराई थी। शव मिलने के बाद धरसीवां पुलिस ने पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचना दी।
एसएसपी ने गंभीरता से लिया मामला
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने इस गंभीर मामले को सुलझाने के लिए एंटी क्राइम और साइबर यूनिट के साथ धरसीवां पुलिस की संयुक्त टीम बनाई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, क्राइम के एएसपी संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक उरला पूर्णिमा लांबा, उपपुलिस अधीक्षक क्राइम संजय सिंह और टीआई धरसीवां राजेंद्र दीवान ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।
नाबालिग के प्रेम प्रसंग का खुलासा
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका का एक नाबालिग के साथ प्रेम संबंध था। यह नाबालिग पहले भी खरोरा थाना में दुष्कर्म के आरोप में जेल जा चुका था। बिना देर किए पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
धोखा मिलने पर बनाई हत्या की योजना
पूछताछ के दौरान नाबालिग ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उसने सच उगल दिया। उसने बताया कि उसका सरिता यादव के साथ प्रेम संबंध था, लेकिन जब उसे पता चला कि सरिता किसी और से भी प्रेम करने लगी है, तो वह नाराज हो गया। इसी बात पर दोनों में कहासुनी भी हुई थी। नाराज होकर नाबालिग ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
हत्या की वारदात का विवरण
20 मार्च की रात को नाबालिग अपने दो साथियों के साथ बाइक पर नरदहा पहुंचा। उन्होंने सरिता को घर से बाहर मिलने बुलाया और बाइक पर बैठाकर मोहदी टाडा मार्ग पर ले गए। वहां धारदार हथियार और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
घर जमाई बनकर रहता था पति
सरिता यादव की शादी आठ साल पहले ग्राम खोली थाना खरोरा निवासी लखेश्वर यादव से हुई थी। शादी के बाद से ही सरिता अपने मायके में रहती थी और उसका पति भी घर जमाई बनकर वहीं रह रहा था।
तीन आरोपियों को भेजा गया जेल
इस अंधे कत्ल के मामले में पुलिस ने नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में समीर निषाद उर्फ भूरू (पिता नीलकंठ, निवासी खरोरा), कोमल धीवर (पिता नारायण धीवर, निवासी मंदिर हसौद) और एक नाबालिग शामिल हैं। तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


