CG : नई बाइक पर थूकने से गुस्से में पड़ोसी की हत्या , सेलेरी को लेकर जलन और ताने ने दिया खौफनाक वारदात को अंजाम...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के खरोरा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने अपने पड़ोसी का गला हंसिए से काट दिया। आरोप है कि मृतक ने आरोपी की नई बाइक पर थूका था, जिससे गुस्से में आकर उसने वारदात को अंजाम दिया।

बाइक पर थूकने से शुरू हुआ विवाद

खरोरा थाना प्रभारी दीपक पासवान के अनुसार, मुरा गांव के रहने वाले मनोज साहू (20) और रंजीत साहू (48) पड़ोसी थे और दोनों ही पेशे से JCB ड्राइवर थे। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे उनके बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई। इसी दौरान मनोज ने अपने घर से हंसिया लाकर रंजीत पर हमला कर दिया।

गले पर वार, मौके पर मौत

मनोज ने गुस्से में आकर हंसिए से रंजीत के गले पर हमला किया, जिससे गहरा जख्म हो गया। उसने कंधे पर भी वार किया, जिससे रंजीत लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। खून अधिक बहने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद मनोज घबरा कर घर के अंदर छिप गया। जैसे ही लोगों को घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

आरोपी का दावा- ज्यादा सैलरी से चिढ़ता था पड़ोसी

पूछताछ के दौरान मनोज ने बताया कि उसकी तनख्वाह 17,000 रुपये थी, जबकि रंजीत को इससे कम सैलरी मिलती थी। इसी वजह से वह अक्सर जलन महसूस करता था और कई बार ताने मार चुका था। मनोज ने हाल ही में होली के अवसर पर नई बाइक खरीदी थी, जिसे देखकर रंजीत ने चिढ़कर उस पर थूक दिया। यह बात मनोज को बुरी लग गई और उसने गुस्से में आकर हत्या कर दी।

चार बच्चों का पिता था मृतक

पुलिस के अनुसार, रंजीत अपने परिवार की पूरी जिम्मेदारी निभा रहा था। उसके चार बच्चे थे, जिनका भरण-पोषण वही कर रहा था। दूसरी ओर, आरोपी मनोज अपने माता-पिता के साथ खरोरा के वार्ड क्रमांक-6 में रहता था और अविवाहित था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi