महादेव सट्टा प्रकरण में पूर्व CM भूपेश बघेल के OSD से CBI ने की पूछताछ: भिलाई में 5 घंटे की जांच, संपत्ति दस्तावेज की ली कॉपी...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : महादेव सट्टा मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत दुर्ग जिले में 14 स्थानों पर छापेमारी के बाद CBI की टीम एक बार फिर भिलाई-3 पहुंची। शनिवार को CBI ने भूपेश बघेल के पूर्व विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) आशीष वर्मा से उनके निवास पर 5 घंटे तक पूछताछ की।

मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इससे पहले 26 मार्च को भी CBI की टीम आशीष वर्मा के पदुमनगर स्थित घर पर पहुंची थी, लेकिन घर पर ताला लगा होने के कारण टीम ने उसे सील कर दिया और एक नोटिस चस्पा कर दिया था। नोटिस में लिखा गया था कि उनके लौटने पर दिए गए नंबर पर सूचना दें, जिससे CBI उनकी उपस्थिति में तलाशी ले सके।

लौटने के बाद दी CBI को सूचना

आशीष वर्मा ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। जब वे वापस लौटे, तो उन्होंने CBI को अपनी मौजूदगी की जानकारी दी। इसके बाद शनिवार दोपहर CBI की टीम उनके घर पहुंची और सील खोलने के बाद तलाशी प्रक्रिया शुरू की।

पूरे घर की गहन जांच के बाद, अधिकारियों ने उनसे करीब 5 घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान, संपत्ति से जुड़े विभिन्न दस्तावेजों, विशेष रूप से जमीन संबंधी कागजात की फोटो कॉपी लेकर टीम वापस लौट गई।

कश्मीर यात्रा पर थे आशीष वर्मा

आशीष वर्मा ने स्पष्ट किया कि 26 मार्च को जब CBI उनके घर पहुंची थी, उस समय वे अपने परिवार के साथ कश्मीर यात्रा पर थे। लौटने पर उन्हें घर को सील किए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने नोटिस पर दिए गए नंबर पर फोन कर CBI को सूचित किया कि वे अपनी तलाशी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

शनिवार सुबह 9 बजे CBI की टीम उनके घर पहुंची और पूरी जांच-पड़ताल के बाद दोपहर करीब ढाई बजे वहां से रवाना हुई। इस दौरान, उन्होंने पहले ईडी को दिए गए दस्तावेजों की प्रतियां भी टीम को उपलब्ध कराईं।

महादेव सट्टा से जुड़े सवाल

CBI टीम में शामिल 5 अधिकारियों ने आशीष वर्मा से महादेव सट्टा के प्रमुख संचालक सौरभ चंद्राकर और उनसे जुड़े अन्य व्यक्तियों के बारे में सवाल पूछे। इस पर उन्होंने स्पष्ट किया कि वे न तो सौरभ चंद्राकर को जानते हैं और न ही कभी उनसे मुलाकात की है।इसके बाद, CBI ने कुछ और औपचारिक सवाल किए और जांच पूरी होने के बाद उनके घर से निकल गई।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi