रायपुर पहुंची इंडिया और इंग्लैंड मास्टर्स की टीमें
8 मार्च को रायपुर में इंडिया मास्टर्स और वेस्टइंडीज मास्टर्स के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और ब्रायन लारा आमने-सामने होंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए इंडिया मास्टर्स और इंग्लैंड मास्टर्स की पूरी टीम रायपुर पहुंच चुकी है। रायपुर एयरपोर्ट पर कड़ी सुरक्षा के बीच इन दिग्गज खिलाड़ियों का स्वागत किया गया, जिसके बाद वे बस में सवार होकर होटल के लिए रवाना हुए।
एयरपोर्ट पर फैंस की जबरदस्त प्रतिक्रिया
रायपुर एयरपोर्ट पर क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़ी। जैसे ही सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, इरफान पठान, इयोन मोर्गन और केविन पीटरसन एयरपोर्ट पर नजर आए, फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। खिलाड़ियों ने भी बस से हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन किया।
रायपुर में खेले जाएंगे 7 अहम मुकाबले
IML 2025 के कुल 18 मैचों में से 11 मुकाबले पहले ही नवी मुंबई और वडोदरा में संपन्न हो चुके हैं। अब शेष 7 मुकाबले रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे, जिनमें सेमीफाइनल और फाइनल भी शामिल हैं।
IML 2025 के आगामी मैचों का कार्यक्रम
- 8 मार्च: इंडिया मास्टर्स बनाम वेस्टइंडीज मास्टर्स – शाम 7:30 बजे।
- 10 मार्च: श्रीलंका मास्टर्स बनाम इंग्लैंड मास्टर्स – शाम 7:30 बजे।
- 11 मार्च: वेस्टइंडीज मास्टर्स बनाम दक्षिण अफ्रीका मास्टर्स – शाम 7:30 बजे।
- 12 मार्च: इंग्लैंड मास्टर्स बनाम ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स – शाम 7:30 बजे।
- 13 मार्च: सेमीफाइनल 1 – शाम 7:30 बजे।
- 14 मार्च: सेमीफाइनल 2 – शाम 7:30 बजे।
- 16 मार्च: फाइनल – शाम 7:30 बजे।
टिकट बुकिंग की जानकारी
रायपुर में होने वाले IML 2025 के मुकाबलों के लिए टिकटों की बुकिंग "बुक माय शो" पर शुरू हो चुकी है। इंडिया मास्टर्स के मुकाबले की टिकट की कीमत 500 रुपये से प्रारंभ है, जबकि अन्य टीमों के मुकाबलों के टिकट 100 रुपये से उपलब्ध हैं।
- लोअर टिकट: 1000 रुपये
- गोल्ड टिकट: 6000 रुपये
- प्लैटिनम टिकट: 8000 रुपये
- कॉर्पोरेट बॉक्स: 10,000 रुपये
क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह सुनहरा मौका है जब वे अपने पसंदीदा दिग्गज खिलाड़ियों को एक बार फिर मैदान पर चौके-छक्के लगाते देख सकते हैं।

