भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। पायल नाम की यह बच्ची अपने चाचा के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रही थी, जब यह हादसा हुआ। रास्ते में एक ब्रेकर के चलते बाइक असंतुलित हो गई और वह नीचे गिर पड़ी। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे कुचल दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार शाम डुंडेरा चौक के पास घटी। मृत बच्ची की पहचान डुंडेरा निवासी पायल पटेल के रूप में हुई है। पायल अपने चाचा सोमलाल पटेल के साथ गांव पगबंदी गई थी, जहां उसके दादा के घर में जवारा पूजा का आयोजन था। पूजा से लौटते वक्त यह हादसा हो गया।
बताया गया कि शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच, जैसे ही बाइक उमदा मोड़ के पास पहुंची, अचानक एक स्पीड ब्रेकर आ गया। बाइक की गति तेज होने के कारण असंतुलन हुआ और पायल नीचे गिर गई। ठीक उसी वक्त पीछे से आ रहा ट्रेलर इतनी तेजी में था कि ब्रेक लगाना संभव नहीं हो पाया। नतीजतन, वह बच्ची को कुचलते हुए निकल गया।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि बच्ची का शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। इसके बाद शव को सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेजा गया।
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया अस्पताल के मरचुरी में पूरी की गई। चाचा सोमलाल का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने बताया कि पायल बहुत उत्साहित थी और कह रही थी कि उसे जल्दी घर छोड़ दें क्योंकि उसके एग्जाम नजदीक हैं। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
वहीं पायल के पिता भी पूरी तरह टूट चुके हैं। उन्होंने कहा कि उनकी दुनिया उजड़ गई है। तीन बच्चों में पायल दूसरी संतान थी और बेहद चंचल व खुशमिजाज थी। उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरा सदमा दिया है।
दादा संतराम पटेल ने प्रशासन से ट्रेलर चालक पर सख्त कार्रवाई करने और परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव परिवार को सौंप दिया गया।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


