बुर्का पहनकर 30 लाख की चोरी करने वाला कर्मचारी टूटी टांग की वजह से पकड़ा गया: रायपुर के पंडरी स्थित कपड़ा शोरूम में वारदात, CCTV में कैद हुई पूरी घटना...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर के पंडरी इलाके में स्थित श्री शिवम कपड़ा शोरूम में हुई 30 लाख की बड़ी चोरी का खुलासा हो गया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनमें एक आरोपी वही कर्मचारी निकला, जिसने इस चोरी को अपने मामा और दोस्तों की मदद से अंजाम दिया। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहनकर शोरूम में प्रवेश किया था। फिलहाल क्राइम ब्रांच और सिविल लाइन थाना पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

CCTV में दिखा आरोपी बुर्का पहनकर, गिरने से टूटी टांग बनी सबूत

चोरी की यह वारदात CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी, जिसमें आरोपी बुर्का पहनकर शोरूम में घूमता नजर आ रहा है। वारदात के बाद जब वह शोरूम की छत से रस्सी के सहारे नीचे उतर रहा था, तभी दूसरी मंजिल पर रस्सी अचानक टूट गई और वह जोर से नीचे गिर पड़ा। इस दौरान उसका पैर टूट गया। शोरूम के बाहर लगे कैमरे में वह अपने साथी के कंधे का सहारा लेकर लंगड़ाते हुए निकलता हुआ नजर आया। यहीं से पुलिस को उसकी टांग में चोट की जानकारी मिली।

विज्ञापन 

प्लास्टर वाले पैर से खुला राज, पुलिस को हुआ शक

क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच के दौरान सभी कर्मचारियों की जानकारी ली। उसी समय कैश काउंटर के पास ड्यूटी कर रहे कर्मचारी राजेश टंडन से पूछताछ की गई। पुलिस को उसके पैर में प्लास्टर देखकर शक हुआ। जब उसकी मोबाइल लोकेशन की जांच की गई, तो पता चला कि वारदात के वक्त वह शोरूम के आसपास ही मौजूद था। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की बात कबूल कर ली।

मामा और दोस्त के साथ मिलकर रची थी साजिश

राजेश ने बताया कि उसने अपने दो मामाओं—परमेश्वर बघेल और सुरेश कुमार दीवान—के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई थी। साथ ही उसका दोस्त मोहनीश श्रीवास्तव भी इसमें शामिल था। शोरूम में अकेले राजेश ही घुसा था, बाकी आरोपी बाहर गाड़ियों में इंतजार कर रहे थे। जब वह छत से गिरा, तो उसके साथी उसे कार तक ले गए।

17 लाख कैश और वाहन बरामद, बाकी रकम के लिए पूछताछ जारी

पुलिस ने चारों आरोपियों से लगभग 17 लाख रुपये नकद, दो कार, एक एक्टिवा, एक पल्सर बाइक और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 23 लाख रुपये है। ASP कीर्तन राठौर के अनुसार, आरोपियों को रिमांड पर लेकर शेष रकम की बरामदगी के लिए पूछताछ की जाएगी।

चोरी की पूरी घटना इस तरह घटी

यह पूरी चोरी 31 मार्च और 1 अप्रैल की दरमियानी रात को हुई थी। रात करीब 9:30 बजे आरोपी शोरूम में दाखिल हुआ और स्टोर रूम में छिप गया। चूंकि वह शोरूम में ही काम करता था, उसने अपनी पहचान छुपाने के लिए बुर्का पहन रखा था। शोरूम बंद होने और सभी कर्मचारियों के चले जाने के बाद, उसने कैश काउंटर तोड़कर करीब 30 लाख रुपये निकाले और छत के रास्ते भागने की कोशिश की। हालांकि, छत से गिरने के कारण उसकी टांग टूट गई और इसी चोट ने पूरी चोरी की पोल खोल दी।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi