भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहे 26 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है। इन सभी ने पुलिस अधीक्षक गौरव रॉय के समक्ष आत्मसमर्पण किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सरेंडर करने वाले कई नक्सली लंबे समय से संगठन में सक्रिय थे और कई हिंसक गतिविधियों में शामिल रह चुके हैं। खास बात यह है कि आत्मसमर्पण करने वाले तीन नक्सलियों पर कुल मिलाकर 4 लाख 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और ये सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि समर्पण करने वालों को राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सभी आवश्यक सुविधाएं और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। SP गौरव रॉय ने इस पूरी कार्रवाई को प्रशासन और सुरक्षा बलों की साझा रणनीति का नतीजा बताया। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने भी माना कि वे हिंसा और भटकाव से परेशान होकर अब शांतिपूर्ण जीवन जीना चाहते हैं।
विज्ञापन
दूसरी ओर, नारायणपुर जिले में भी नक्सलियों के खिलाफ अभियान में सफलता मिली है। यहां 5 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, जिनमें सभी पर 1-1 लाख रुपये का इनाम था। ये सभी कुतुल और परलकोट एरिया कमेटी के सक्रिय सदस्य थे।
इस बीच नारायणपुर से एक अन्य घटना में जानकारी मिली है कि नारायणपुर-कुतुल मार्ग पर IED ब्लास्ट की चपेट में आने से एक टिपर ड्राइवर घायल हो गया। सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से यह विस्फोटक वहां प्लांट किया गया था। उल्लेखनीय है कि तीन दिन पहले भी इसी इलाके में IED धमाके में एक ग्रामीण की मौत हो गई थी।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


