भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) रायपुर– केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए नए वक्फ विधेयक 2025 के तहत देशभर में वक्फ संपत्तियों का सर्वेक्षण कराया जा रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य भी शामिल है। इसी सर्वे के दौरान राज्य में 500 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की वक्फ संपत्तियों की फर्जी रजिस्ट्री सामने आई है। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने इस पूरे मामले की जानकारी दी है।
डॉ. सलीम राज ने बताया कि वर्तमान में जिन संपत्तियों का पंजीकरण हुआ है, उनकी कुल कीमत 500 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है, और इन्हीं पर वक्फ बोर्ड का दावा है। इसके अलावा, जिन संपत्तियों का अभी तक पंजीकरण नहीं हुआ है लेकिन वे वक्फ बोर्ड की मानी जा रही हैं, उनकी पहचान की प्रक्रिया भी जारी है। आने वाले समय में इन्हें भी बोर्ड के अधिकार क्षेत्र में लाने के लिए यही प्रक्रिया दोहराई जाएगी।
वक्फ बोर्ड ने अवैध कब्जे वाली संपत्तियों को खाली कराने की दिशा में कदम उठाते हुए नोटिस भी जारी कर दिए हैं। इन नोटिसों का उद्देश्य इन संपत्तियों को वक्फ बोर्ड की आधिकारिक निगरानी में लाना है। डॉ. सलीम राज ने यह भी स्पष्ट किया कि मध्यप्रदेश शासन के समय कुछ व्यक्तियों ने वक्फ की संपत्तियों को किराए पर लिया था, लेकिन अब वे उन्हें अपनी निजी संपत्ति बताकर दावा कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजे गए हैं, जिसमें वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु सुरक्षाबल उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने संबंधित मामलों के निराकरण के लिए 21 दिनों की समय सीमा तय करते हुए त्वरित कार्रवाई की अपील की है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


