भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई। कुम्हारी थाना क्षेत्र में एक दिन पहले हुई अधेड़ की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में आरोपी कोई और नहीं बल्कि गांव का ही एक युवक निकला है। 17 अप्रैल की रात को युवक ने धारदार हथियार से अधेड़ पर हमला कर उसकी जान ले ली थी। घटना की सूचना के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना कुम्हारी और एसीसीयू की टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को पकड़कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मामला कुम्हारी थाना क्षेत्र का है जहां 17-18 अप्रैल की दरम्यानी रात को एपेक्स हॉस्पिटल कुम्हारी से पुलिस को अस्पताल मेमो प्राप्त हुआ। मृतक की पहचान 55 वर्षीय भागवत मारकण्डे के रूप में हुई और धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया गया। डॉक्टर ने पोस्टमार्टम के दौरान शरीर पर चोट के निशान और ब्राड डेथ की पुष्टि की। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने धारा 103 बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
विज्ञापन
थाना प्रभारी डीएल साहू के निर्देशन में थाना स्टाफ एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम को जांच में लगाया गया। घटनास्थल और मृतक के घर के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की गई। फुटेज में रात करीब 11:45 बजे से 12:40 बजे के बीच एक युवक हाथ में चाकू लेकर दौड़ता दिखाई दिया। जब पुलिस ने यह वीडियो गांव के लोगों को दिखाया, तो युवक की पहचान रामपुर चोरहा निवासी 24 वर्षीय जयदीप साहू पिता रमेश साहू के रूप में हुई।
विज्ञापन
पुलिस ने जयदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह मृतक के पड़ोस के इलाके में रहता है और घटना वाली रात भोजन के बाद टहलने निकला था। तभी भागवत मारकण्डे ने उसे देखकर अश्लील गालियां देनी शुरू कर दीं। जयदीप ने जब टोका तो मृतक ने और अधिक अपशब्द कहे। आरोपी ने बताया कि उस वक्त भागवत नशे में था और लगातार गालियां बक रहा था।
गुस्से में आकर जयदीप अपने घर गया और चाकू लेकर भागवत मारकण्डे के कमरे में घुस गया। वहां उसने भागवत पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गले और पीठ पर गंभीर चोटें लगने से भागवत वहीं गिर पड़ा। आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
इस पूरे मामले में थाना प्रभारी खुर्सीपार निरीक्षक अम्बर सिंह भारद्वाज, कुम्हारी थाना प्रभारी उप निरीक्षक डीएल साहू, सहायक उपनिरीक्षक सुभाष बोरकर, आरक्षक जी. किरण, युगल किशोर, लेखराज निषाद, पुष्पेन्द्र चौर्गे तथा एसीसीयू टीम के एएसआई गुप्तेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक शागीर खान, आरक्षक राकेश चौधरी, भावेश पटेल, राकेश अन्ना, गुनित और अमित सिंह की सराहनीय भूमिका रही।



