दुर्ग : मासूम भतीजी की दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में जिला अधिवक्ता संघ ने लिया बड़ा फैसला -कोई भी वकील आरोपी का केस नहीं लड़ेगा...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया। यहां एक सगे चाचा ने अपनी 6 साल की मासूम भतीजी के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी निर्मम हत्या कर दी। इस जघन्य अपराध के बाद दुर्ग जिला अधिवक्ता संघ ने बड़ा फैसला लिया है। संघ ने ऐलान किया कि कोई भी वकील आरोपी का केस नहीं लड़ेगा। कोषाध्यक्ष अनिल जायसवाल ने इसे जिले के इतिहास का काला दिन बताते हुए कहा कि वकील समुदाय एकजुट है। सचिव रविशंकर सिंह ने भी इस फैसले का समर्थन किया।

यह घटना नवरात्रि के आखिरी दिन हुई। आरोपी ने मासूम के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की और शव को पड़ोसी की कार की डिक्की में छिपा दिया, ताकि इल्जाम पड़ोसी पर जाए। दुर्ग पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने टूटे दरवाजे वाली कार का इस्तेमाल शव छिपाने के लिए किया। अब यह केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा। जांच में कार मालिक को निर्दोष पाया गया।

घटना के बाद भड़का गुस्सा

नवरात्रि के दिन सुबह 9 बजे कन्याभोज के लिए निकली बच्ची शाम तक लापता रही। परिजनों की तलाश के बाद उसका शव पड़ोस की कार में मिला। गुस्साए लोगों ने कार मालिक के घर पर तोड़फोड़ और आगजनी की। पुलिस ने हालात संभाले और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रत्यक्षदर्शी मीना यादव ने बताया कि बच्ची के शरीर पर चोट के निशान थे, मुंह-नाक से खून बह रहा था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया और अंतिम संस्कार किया गया।

विज्ञापन 

उपद्रवियों पर होगी कार्रवाई

एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि आगजनी करने वालों की वीडियो से पहचान कर ली गई है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस जांच जारी है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi