भिलाई में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात: आधी रात को पेट्रोल डालकर पूरे परिवार को जिंदा जलाने की साजिश, बुजुर्ग महिला की सतर्कता ने बचाई जान...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदर नगर कैंप-1 में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। बीती रात करीब 2:00 बजे अज्ञात हमलावरों ने एक घर में आग लगाकर पूरे परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश की। लेकिन समय रहते घर में मौजूद वृद्ध महिला की नींद खुलने और शोर मचाने से यह हादसा टल गया।

छावनी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नंदकुमार यादव, जो एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत हैं, सुंदर नगर चर्च के पास स्थित स्वीपर मोहल्ला कैंप-1 में अपने परिवार के साथ रहते हैं। 3 और 4 अप्रैल की दरमियानी रात नंदकुमार अपने घर में परिजनों के साथ सो रहे थे। रात लगभग 2:00 बजे उनकी मां ने दरवाजे के पास आग देखकर जोर-जोर से "आग-आग" चिल्लाना शुरू किया।  

परिवार के अन्य सदस्य तुरंत उठे और देखा कि लोहे के मुख्य दरवाजे, उसके पास रखी चारपाई, उस पर बिछे कम्बल, बगल में रखी साड़ी और प्लास्टिक के डिब्बे में आग लगी हुई थी। घर में पेट्रोल जैसी ज्वलनशील चीज की गंध भी महसूस की गई। नंदकुमार और उनके परिवार ने तत्परता से आग बुझाई, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। 

विज्ञापन 

आगजनी के कारण दरवाजे पर जलने के काले निशान, चारपाई, कम्बल, साड़ी और डिब्बे जल चुके थे। नंदकुमार का कहना है कि यदि उनकी मां समय पर जागकर शोर न करतीं, तो पूरा परिवार इस आग की चपेट में आ जाता।

घटना की सूचना मिलने पर छावनी पुलिस मौके पर पहुंची। पड़ोसियों के सीसीटीवी कैमरों की जांच में पाया गया कि दो अज्ञात युवक एक नीले रंग की दोपहिया वाहन से आए थे और उन्हीं ने नंदकुमार के घर में आग लगाई। 

घटना के समय नंदकुमार की मां राजेश्वरी यादव, दादी बी. रामम्मा और पड़ोसी एस. चंद्रशेखर ने उन युवकों को भागते हुए देखा। फिलहाल छावनी थाना पुलिस ने नंदकुमार की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 326(G) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद नंदकुमार यादव और उनका परिवार गहरे सदमे और भय के माहौल में है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi