भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : मेरठ में मर्चेंट नेवी अधिकारी सौरभ की हत्या जैसा ही एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस बार भी पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया। पहले गला दबाकर हत्या की, फिर लाश के नीचे जिंदा सांप दबा दिया, जिससे लगे कि उसकी जान सांप के काटने से गई है।
घटना के बाद महिला ने प्रेमी को मौके से भगा दिया और खुद दूसरे कमरे में जाकर सो गई। अगली सुबह परिजनों ने युवक को मृत पाया। उसके शरीर के नीचे एक ज़िंदा सांप मौजूद था।
शव पर सांप के काटने के दस निशान दिखे, जिससे परिवार को लगा कि मौत की वजह सांप का ज़हर है। हालांकि जब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट बुधवार शाम आई, तो खुलासा हुआ कि युवक की मौत दम घुटने से हुई थी।
इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर पत्नी से पूछताछ शुरू की। उसने अपने प्रेमी का नाम उजागर किया। जब दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया। मामला मेरठ जिले के बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव का है।
विज्ञापन
रात में पति सो रहा था, नीचे सांप मिला
परिजनों के अनुसार, 25 वर्षीय अमित कश्यप उर्फ मिक्की हर रोज की तरह शनिवार रात 10 बजे काम से लौटकर घर आया। खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में जाकर सो गया, जबकि उसकी पत्नी और बच्चे दूसरे कमरे में थे।
अमित आमतौर पर सुबह जल्दी उठ जाता था। जब वह उठता नहीं दिखा तो सुबह करीब 5:30 बजे परिजन उसे देखने पहुंचे।
कमरे में जाने पर देखा गया कि वह पूरी तरह शांत पड़ा है। कई बार पुकारने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जब उसे हिलाया गया, तो शरीर के नीचे एक सांप दिखाई दिया।
इस दृश्य से घर में अफरा-तफरी मच गई। लोग डर के मारे चीख पड़े। उन्होंने सांप को हटाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जगह से नहीं हटा। इसके बाद सपेरा बुलाया गया, जो सांप को पकड़कर अपने साथ ले गया।
शरीर पर थे ज़हरीले सांप के 10 डसने के निशान
इसके बाद परिजन अमित को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शरीर पर सांप के काटने के कुल 10 निशान पाए गए।
इन्हें देखकर सभी को यही लगा कि अमित की मौत सांप के काटने से हुई है। पुलिस को सूचना दी गई और जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
रिपोर्ट में खुलासा: मौत दम घुटने से हुई
बुधवार को जब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आई, तो सामने आया कि अमित की जान सांप के ज़हर से नहीं, बल्कि दम घुटने से गई है।
इसके बाद पुलिस ने अमित की पत्नी रविता को हिरासत में लिया। पूछताछ में रविता ने अपने प्रेमी अमरदीप का नाम बताया। शुरुआत में दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ाई से पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
एक हजार में खरीदा गया था सांप
रविता और अमित वारदात वाले दिन सहारनपुर में मां शाकुंभरी देवी के दर्शन करने गए थे। लौटते वक्त रविता ने प्रेमी अमरदीप को फोन कर कहा कि रात को हत्या करनी है और सांप का इंतजाम कर ले। अमरदीप ने महमूदपुर सिखेड़ा गांव के एक सपेरे से एक वाइपर सांप को 1000 रुपये में खरीदा।
हत्या के बाद सांप को लाश के नीचे रखा
अमरदीप के मुताबिक, दर्शन से लौटने के बाद रात को पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। रविता ने यह जानकारी फोन पर अमरदीप को दी।
शनिवार रात जब पूरा परिवार सो गया, तो रविता ने अमरदीप को बुलाया। दोनों ने मिलकर सोते हुए अमित का गला दबाकर मार डाला।
हत्या के बाद वे लाश के नीचे वाइपर सांप को रख आए और उसकी पूंछ को अमित की कमर के नीचे दबा दिया, ताकि सांप भाग न सके और शव को डसे। इसके बाद अमरदीप वहां से निकल गया और रविता अपने कमरे में जाकर सो गई।
आठ साल पहले हुई थी शादी
अमित और रविता की शादी को आठ साल हो चुके थे। रविता मूल रूप से मुजफ्फरनगर की रहने वाली है। दोनों के तीन बच्चे हैं—एक बेटा और दो बेटियां।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों ने गला दबाकर हत्या करने की बात कबूल कर ली है। जिस वाइपर सांप से शव को डसवाया गया, वह अत्यधिक ज़हरीला होता है और इसके काटने के बाद बचने की संभावना बेहद कम होती है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


