भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (मप्र) खरगोन। रविवार रात खरगोन के जमींदार मोहल्ले में स्थित एक कोल्ड ड्रिंक सप्लाई करने वाली दुकान "रायल फूड" में चोरी की घटना सामने आई है। खास बात यह रही कि चोर ने दुकान से ढाई लाख रुपये चुराने के बाद एक चिट्ठी भी छोड़ी, जिसमें उसने अपना दर्द बयां किया और छह महीने में रकम लौटाने का वादा भी किया।
दुकान मालिक को जब कैश काउंटर से 2.5 लाख रुपये गायब मिले, तो साथ ही वहां एक पत्र भी रखा मिला। पत्र में लिखा था कि वह मोहल्ले का ही निवासी है और मजबूरीवश कर्ज चुकाने के लिए यह कदम उठा रहा है। उसने लिखा कि उसे ढाई लाख रुपये की आवश्यकता है, इसलिए उतने ही पैसे ले जा रहा है। साथ ही यह भी लिखा कि वह छह महीने के भीतर सारे पैसे लौटा देगा।
पुलिस को मिली अनोखी चिट्ठी, अधिकारी भी रह गए हैरान
घटना की सूचना मिलने पर एएसआई अशरफ खान मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि चिट्ठी बरामद कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। दुकान मालिक जुजर बोहरा के अनुसार, बैग में कुल 2 लाख 84 हजार रुपये थे, जिसमें से 2.5 लाख रुपये गायब हैं। चोर ने दुकान के पीछे स्थित प्याऊ की छत से दुकान में प्रवेश किया था।
पुलिस का कहना है कि अब तक कई चोरी की वारदातें हो चुकी हैं और कई आरोपी पकड़े भी गए हैं, लेकिन इस तरह की चिट्ठी पहली बार मिली है। इसमें चोर ने पूरी ईमानदारी से पैसे लौटाने की बात कही है, जिससे पुलिस भी अचंभित है।
माफीनामा में चोर ने बताई मजबूरी
चोर द्वारा छोड़ी गई चिट्ठी में उसने अपनी मजबूरी स्पष्ट की है। उसने लिखा कि उसे पैसों की सख्त जरूरत है क्योंकि उस पर भारी कर्ज है। यदि वह पैसे नहीं चुकाता तो उसे जेल जाना पड़ सकता है। इसीलिए उसने रात में दुकान के पीछे की शटर के ऊपर से घुसकर पैसे लिए हैं।
चिट्ठी में आगे लिखा है कि उसने केवल उतने ही पैसे लिए हैं, जितने की उसे जरूरत थी। उसने किसी अन्य सामान को हाथ नहीं लगाया। चोर ने लिखा कि वह छह महीने में पूरे पैसे लौटा देगा और उस वक्त खुद सामने भी आ जाएगा।
उसने दुकानदार और उसके बेटे दोनों से हाथ जोड़कर माफी भी मांगी और कहा कि रामनवमी जैसे शुभ दिन चोरी करना उसकी इच्छा नहीं थी, लेकिन हालातों ने मजबूर कर दिया। चोर ने यह भी लिखा कि यदि छह महीने बाद वह पैसे वापस न करे, तो दुकानदार चाहे तो उसे पुलिस के हवाले कर दे।
आखिर में उसने लिखा, “मैंने आपको सब कुछ सच्चाई से बता दिया है। फिलहाल सामने नहीं आ सकता, लेकिन जब पैसे लौटाऊंगा, तब जो सजा देना चाहो, दे देना|
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


