दुर्ग जिला अस्पताल में चौंकाने वाली लापरवाही: जीवित गर्भस्थ शिशु को मृत घोषित किया, निजी अस्पताल की सोनोग्राफी में बच्चा निकला पूरी तरह स्वस्थ....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग के जिला अस्पताल में एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जिसमें गर्भ में पल रहे बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया था। खुर्सीपार की रहने वाली 30 वर्षीय एकता को अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग द्वारा उनके गर्भस्थ शिशु के बारे में गलत जानकारी दी गई। अस्पताल की सोनोग्राफी रिपोर्ट में बताया गया कि उनका 7 सप्ताह का बच्चा मृत हो चुका है, लेकिन जब एकता को निजी अस्पताल में जांच के लिए ले जाया गया, तो वहां की रिपोर्ट में बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ पाया गया।

मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जिला अस्पताल की रिपोर्ट के आधार पर, अस्पताल के स्त्री रोग विशेषज्ञ ने गर्भपात की तैयारी भी शुरू कर दी थी। हालांकि, एकता की मां, कविता चौकीकर, ने अपनी सूझबूझ से गर्भपात रोकने का फैसला लिया और एकता को निजी अस्पताल में ले जाकर दूसरी जांच कराई। इस जांच में पता चला कि बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है। 

रिपोर्ट के अनुसार, सरकारी अस्पताल की रिपोर्ट में बच्चे की हृदय गति को शून्य बताया गया था, जबकि निजी अस्पताल की जांच में हृदय गति 132 प्रति मिनट पाई गई। इससे यह स्पष्ट होता है कि सरकारी अस्पताल की रिपोर्ट में गंभीर त्रुटि थी, जो एकता और उसके परिवार के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से नुकसानदायक हो सकती थी। 


कविता चौकीकर ने बताया कि 26 मार्च को एकता की तबीयत खराब होने पर वे उसे जिला अस्पताल लेकर गईं। वहां एकता को इंजेक्शन दिया गया और अगले दिन 27 मार्च को सोनोग्राफी की गई। रिपोर्ट में जब लेबर रूम के डॉक्टर को यह दिखाया गया, तो उन्होंने यह स्पष्ट किया कि बच्चा अब नहीं रहा। हालांकि, मां को कुछ संदेह हुआ और उन्होंने एकता को निजी अस्पताल में ले जाकर दोबारा सोनोग्राफी कराई, जिसमें बच्चा स्वस्थ पाया गया और हृदय गति सामान्य थी।

दूसरी ओर, जिला अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट डॉ. बी. पी. देवांगन का कहना है कि उन्होंने जो जांच की थी, उसके आधार पर रिपोर्ट दी थी। वे दूसरी रिपोर्ट को देखकर अपनी रिपोर्ट को गलत मानने के लिए तैयार नहीं हैं। 

इस मामले को गंभीर मानते हुए, सीएमएचओ मनोज दानी ने कहा कि यह मामला उनके ध्यान में आ चुका है। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि डॉक्टरों और संबंधित स्टाफ की लापरवाही पाई जाती है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi