भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र में देर रात घर लौट रहे युवक से लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 500 रुपये नकद, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी और चाकू जब्त किए गए हैं। इनमें से एक आरोपी दिशु जगत पर पूर्व में एटीएम तोड़फोड़ का केस भी दर्ज है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के अंतर्गत कार्रवाई की है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम अहेरी थाना नंदिनी नगर के निवासी कुलदीप निषाद ने जामुल थाने में शिकायत दी थी कि 08 अप्रैल 2025 की रात लगभग 12:30 बजे वह अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौट रहा था। तभी एमपीईबी चौक, जामुल के पास स्कूटी पर सवार तीन युवकों ने उसे घेर लिया और चाकू दिखाकर मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उसके पास मौजूद रूपये 500 नकद, मोबाइल फोन और आधार कार्ड लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
विज्ञापन
कुलदीप की शिकायत पर जामुल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। छावनी नगर पुलिस अधीक्षक हरीश पाटिल के दिशा-निर्देशन में टीम ने लुटेरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया। पीड़ित द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरू में उन्होंने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पूछताछ में यह बात सामने आई कि तीनों ने मिलकर इस लूट को अंजाम दिया था। उनके पास से कुलदीप से लूटे गए रूपये 500, मोबाइल फोन, आधार कार्ड सहित स्कूटी और धारदार चाकू बरामद किया गया है। आरोपियों में से एक, दिशु जगत, पूर्व में नेवई क्षेत्र में एटीएम तोड़फोड़ के मामले में भी जेल जा चुका है।
तीनों आरोपियों को 10 अप्रैल 2025 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं
1. दिशु जगत, पिता संतोष जगत, उम्र 19 वर्ष, निवासी न्यू खुर्सीपार, केनाल रोड, उड़िया मोहल्ला, थाना खुर्सीपार
2. हिमांशु सिंह, पिता हेमराज सिंह, उम्र 20 वर्ष, निवासी दुर्गा मंदिर के पीछे, लक्ष्मीपारा, थाना जामुल
3. जय कुमार साहू उर्फ छोटू उर्फ डीजे, पिता दुजेराम साहू, उम्र 18 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 03, संतोषी चौक, थाना जामुल
जामुल पुलिस की तत्परता से लूट की इस घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


