भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के कापसहेड़ा क्षेत्र में स्थित एक एम्यूजमेंट पार्क में रोलर कोस्टर की सवारी के दौरान 24 वर्षीय युवती की जान चली गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। बताया गया कि युवती की पहचान प्रियंका के रूप में हुई है, और वह कथित रूप से झूले से नीचे गिर गई थीं। प्रियंका के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिनमें दोनों पैरों पर जख्म, कान से खून बहना और अन्य हिस्सों में भी खरोंचें शामिल थीं।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, प्रियंका को गंभीर अवस्था में मणिपाल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली, कापसहेड़ा थाने से एक जांच अधिकारी अस्पताल पहुंचा और मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त की। डॉक्टरों ने बताया कि युवती को भारी चोटें आई थीं – उसके कान और नाक से खून निकल रहा था, दोनों पैरों पर गहरे घाव थे, साथ ही दाहिने हाथ और बाएं घुटने पर कई जगह खरोंचें देखी गईं।
रोलर कोस्टर का स्टैंड टूटने से हुआ हादसा: मंगेतर
पुलिस को दिए गए बयान में प्रियंका के मंगेतर निखिल ने बताया कि वे दोनों गुरुवार शाम लगभग 6:15 बजे ‘फन एंड फूड विलेज’ एम्यूजमेंट पार्क पहुंचे थे और रोलर कोस्टर की सवारी कर रहे थे। उसी दौरान, कथित तौर पर झूले का स्टैंड टूट गया और प्रियंका नीचे गिर पड़ीं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में प्राप्त शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर BNS की धाराएं 289 और 106 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही, पोस्टमॉर्टम के बाद प्रियंका का शव परिवार को सौंप दिया गया।
फरवरी में होनी थी प्रियंका की शादी
जांच के दौरान पता चला कि प्रियंका दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके की रहने वाली थीं और नोएडा सेक्टर 3 में एक टेलीकॉम कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। पुलिस ने बताया कि उनके परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई और एक बहन हैं। प्रियंका के भाई मोहित ने बताया कि उसकी बहन की सगाई इस साल फरवरी में नजफगढ़ निवासी निखिल से हुई थी और अगले साल फरवरी में उनकी शादी तय थी।
निखिल ने दिया था प्रियंका को घूमने का न्योता
मोहित ने पुलिस को बताया कि निखिल ने गुरुवार दोपहर प्रियंका को फोन करके एम्यूजमेंट पार्क चलने का प्रस्ताव दिया था। दोनों करीब एक बजे कापसहेड़ा स्थित ‘फन एंड फूड विलेज’ पहुंचे और रोलर कोस्टर की सवारी कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। मोहित ने एम्यूजमेंट पार्क प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। हालांकि, पार्क प्रशासन की ओर से अब तक इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


