भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग जिले में 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर शुक्रवार को भिलाई से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। समाज के नेता को सामने पाकर परिवार के लोग भावुक हो उठे और जोर-जोर से रोने लगे।
मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार देवेंद्र यादव ने कहा कि उन्होंने बच्ची के माता-पिता से मुलाकात की है, जो गहरे सदमे में हैं। परिवार का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई स्पष्ट और निष्पक्ष नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीती रात परिवार की महिलाओं और बच्चों को जबरन ले जाया गया और उनके साथ बर्बरता की गई। इसके अलावा, बच्ची के चाचा को गलत तरीके से आरोपी बनाकर बलात्कार और हत्या के आरोप मढ़ दिए गए।
विज्ञापन
परिजनों ने विधायक से साफ तौर पर मांग की कि मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए। इस पर देवेंद्र यादव ने भी सहमति जताई और कहा कि यह अत्यंत गंभीर मामला है। यदि पीड़ित पक्ष सीबीआई जांच चाहता है, तो सरकार इसमें अड़चन क्यों पैदा कर रही है? उन्होंने यह भी कहा कि पूरा यादव समाज इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है।
इससे पहले दो दिन पूर्व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे। वहां उन्होंने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जब घटना हुई, उस वक्त परिवार के सभी सदस्य घर के नीचे मौजूद थे। ऐसे में सवाल यह उठता है कि यह भयानक वारदात आखिर हुई कहां? बच्ची की लाश कार में कैसे पाई गई?
दीपक बैज ने कहा कि यह केवल परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। हर किसी के मन में यही सवाल है कि असली दोषी कौन है और न्याय कब मिलेगा?
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


