भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : बैकुंठपुर(छग) – गुरुवार सुबह प्रेमाबाग कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसे में आठ साल की एक बच्ची की जान चली गई। स्कॉर्पियो चलाना सीख रहे दो युवकों की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। बच्ची घर के बाहर बाउंड्री वॉल के पास खेल रही थी, तभी अनियंत्रित वाहन उसे कुचलता हुआ निकल गया। सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़ लिया है। इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है। बच्ची अपनी नानी-नाना के साथ रहकर स्कूल जाती थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची हिमांशी विश्वकर्मा प्रेमाबाग कॉलोनी की निवासी थी और शकुंतला स्कूल में दूसरी कक्षा में पढ़ती थी। वह काफी कम उम्र से ही अपने नाना-नानी के साथ रह रही थी। गुरुवार की सुबह करीब 7 बजे जब वह अपने घर के सामने बने बाउंड्री वॉल के पास खेल रही थी, उसी समय दो युवक स्कॉर्पियो से ड्राइविंग की प्रैक्टिस कर रहे थे।
विज्ञापन
अधिक जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करे
गाड़ी की रफ्तार तेज थी और नियंत्रण खो बैठने के चलते वाहन ने बाउंड्री वॉल को तोड़ दिया। इसी दौरान गेट के पास मौजूद हिमांशी स्कॉर्पियो की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और वाहन सहित आयुष पैकरा और संत कुमार नामक युवकों को हिरासत में ले लिया।
विज्ञापन
एसडीओपी राजेश साहू ने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताया और कहा कि पीड़ित परिवार के प्रति पूरी संवेदना है। उन्होंने जानकारी दी कि यह दुर्घटना सुबह 7 बजे हुई, जब आयुष पैकरा ड्राइविंग सीख रहा था। उसके साथ मौजूद संत कुमार उसे वाहन चलाना सिखा रहा था। दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक फिलहाल हिरासत में हैं और उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत चालान तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि वाहन चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस था या नहीं। पुलिस द्वारा पीड़ित परिवार को अधिकतम आर्थिक सहायता दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi



