मौके पर पहुंचे अधिकारी, हादसे की जांच जारी
गुरुवार को एआईजी संजय शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ और शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ कि स्कूटी सवार युवतियां मोबाइल से रील बना रही थीं। स्कूटी की रफ्तार तेज थी और इसी दौरान वाहन नियंत्रण से बाहर होकर डिवाइडर से जा भिड़ा। हादसे में आलिया का सिर पास के खंभे से टकराया जिससे वह शरीर से अलग हो गया।
कॉलेज स्टूडेंट थी मृतक, दो दोस्त भी थीं साथ
आलिया खान, जो कि टिकरापारा की चौरसिया कॉलोनी में रहती थी, कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। बुधवार को वह अपनी दो सहेलियों बुशरा खान (17) और एक अन्य नाबालिग लड़की (14) के साथ घूमने निकली थी। तीनों स्कूटी से बोरियाखुर्द से कमल विहार की ओर जा रही थीं। तेज रफ्तार में स्कूटी अचानक डिवाइडर से टकरा गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
लोहे के एंगल से टकराया सिर, हुआ भीषण क्षति
डिवाइडर पर लगे लोहे के एंगल से टकराने के कारण आलिया के सिर को गंभीर चोट लगी और वह शरीर से अलग हो गया। वहीं पीछे बैठीं दोनों किशोरियों को सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
हेलमेट की कमी पड़ी जान पर भारी
एआईजी संजय शर्मा ने बताया कि यदि युवती ने हेलमेट पहना होता, तो शायद उसकी जान बच सकती थी। उन्होंने यह भी कहा कि रायपुर में दोपहिया वाहन चलाते समय लोग अक्सर हेलमेट नहीं पहनते, जो इस तरह की दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रहा है।


