छत्तीसगढ़ में बर्ड फ्लू H5N1 की पुष्टि: हेचरी सेंटर में संक्रमण मिलने के बाद मुर्गी और अंडों की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध, प्रशासन हाई अलर्ट पर...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ राज्य में बर्ड फ्लू (Avian Influenza) के मामलों की पुष्टि होते ही जिला प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाते हुए मुर्गी और अंडों की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है।

बैकुंठपुर स्थित सरकारी हेचरी सेंटर में एच5एन1 वायरस की पहचान होने के बाद जिला प्रशासन ने तुरंत एक्शन मोड अपनाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित क्षेत्र में रोकथाम के लिए सख्त उपाय लागू किए गए हैं।

कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के आदेश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने जिला स्तरीय कॉम्बैट टीम को संक्रमित क्षेत्र में भेजा है। वर्तमान में हेचरी और इसके आसपास के क्षेत्रों में पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया गया है।

1 अप्रैल को हेचरी में काम कर रहे 20 कर्मचारियों के नेजल स्वैब सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए एम्स रायपुर भेजा गया है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने एक किलोमीटर की परिधि में घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया और नागरिकों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

बर्ड फ्लू से बचाव के लिए आवश्यक दवाएं जैसे ओसिल्टामिविर और जांच से संबंधित सामग्री की मांग उच्च अधिकारियों तक भेज दी गई है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों से बचें और केवल अधिकृत और विश्वसनीय जानकारी पर ही भरोसा करें।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi