अयोध्या में रामलला के सूर्य तिलक का ऐतिहासिक ट्रायल सफल: रामनवमी पर भक्तों पर ड्रोन से होगा सरयू जल का अभिषेक, ISRO और IIT की टीम ने संभाला मोर्चा...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : अयोध्या में इस बार रामनवमी का पर्व रविवार को बेहद भव्य रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर का मुख्य आकर्षण रामलला के ललाट पर सूर्य की किरणों द्वारा तिलक किया जाना है। सूर्य की किरणें बालक रूप में विराजमान भगवान राम के मस्तक को स्पर्श करेंगी, और यह दिव्य क्षण लगभग चार मिनट तक बना रहेगा। इस अनोखे संयोग को साकार करने के लिए वैज्ञानिकों ने कई बार परीक्षण किया है। शनिवार को इसका अंतिम ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

यह परीक्षण कुल आठ मिनट तक चला। इसमें इसरो के वैज्ञानिकों के साथ-साथ आईआईटी रुड़की और आईआईटी चेन्नई के विशेषज्ञों ने भी भाग लिया। रविवार को ठीक दोपहर 12 बजे सूर्य की सीधी किरणें रामलला के ललाट पर पड़ेंगी और इस ऐतिहासिक क्षण का सीधा प्रसारण दूरदर्शन के माध्यम से किया जाएगा।

विज्ञापन 

ड्रोन से भक्तों पर सरयू जल की फुहार का परीक्षण

शनिवार को रामपथ पर श्रद्धालुओं पर ड्रोन की सहायता से सरयू जल की फुहार छोड़ने का ट्रायल भी किया गया। शाम के समय हुए इस प्रयोग में पहली बार भक्तों पर आकाश से पवित्र जल का छिड़काव हुआ। इसी तकनीक का उपयोग रविवार को रामनवमी के दिन भी किया जाएगा, जब श्रद्धालुओं पर सरयू जल की वर्षा की जाएगी।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

रामनवमी के शुभ अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है। राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, नैतिकता और कर्तव्यपरायणता का प्रतीक है, जिसे सभी को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने प्रार्थना की कि प्रभु श्रीराम की कृपा से सभी नागरिकों के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति बनी रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि भगवान राम का संपूर्ण जीवन धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि श्रीराम भारतीय संस्कृति के आदर्श गुणों जैसे श्रद्धा, भक्ति, शक्ति, शील और सदाचार का प्रतीक हैं। मर्यादा पुरुषोत्तम राम का चरित्र जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अनुकरणीय है, जो हमें त्याग, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की दिशा दिखाता है। उन्होंने कहा कि इस पावन दिन पर भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को श्रद्धा और भक्ति से मनाते हुए उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लेना चाहिए।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi