भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में दो युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार को डराने के लिए टोना-टोटके का सहारा लिया। शुक्रवार रात आरोपियों ने एक घर के मुख्य दरवाजे के नीचे पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने की कोशिश की। वहीं, दूसरे मकान के सामने एक मुर्गे की बलि देकर, नींबू में सुई चुभोई गई और काले चूड़ी-सिंदूर के साथ डरावना सामान फेंका गया।
मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार घटना छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-1 स्थित सुंदर नगर की है, जहां स्थानीय निवासी एस नरेश के घर को निशाना बनाया गया। सुबह करीब 4 बजे जब नरेश जी उठे और दरवाजा खोला तो बाहर का नजारा देख सन्न रह गए।
उन्होंने अपने जीवन में ऐसा कोई तांत्रिक सामान पहले कभी नहीं देखा था। डर के मारे उन्होंने तुरंत दरवाजा बंद किया और अपनी पत्नी रामलुमा को बाहर निकलने से रोक दिया। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे एस बाला राजू को कॉल कर पूरी घटना बताई।
पुरानी रंजिश की आशंका
बेटे एस बाला राजू ने जब यह सुना, तो तुरंत घर पहुंचा। देखा कि मोहल्ले में भीड़ जमा है और लोग डरे हुए हैं। उसने आसपास के लोगों को समझाया कि यह केवल डराने की साजिश है, जादू-टोने जैसी कोई शक्ति नहीं होती। फिर वह सीधा छावनी थाने पहुंचा और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद घर के सामने से तांत्रिक सामग्री को हटाया। परिवार का मानना है कि मोहल्ले के ही कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था, और उन्हीं लोगों ने यह हरकत की है।
CCTV में कैद हुई संदिग्ध गतिविधि
एस नरेश और आसपास के घरों में लगे CCTV कैमरों में दो युवकों की हरकतें कैद हुईं। दोनों ने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे और स्कूटी से पहुंचे थे। एक ने मुर्गे का सिर काटकर उसे घर के अंदर फेंका। इसके बाद लाल सिंदूर, काली चूड़ियां और सुई चुभे कटे नींबू एक कपड़े में लपेटकर वहां रख दिए और तेजी से भाग निकले। पुलिस अब फुटेज के आधार पर उनकी पहचान में जुटी है।
एक और युवक को बनाया निशाना
एस बाला राजू के मित्र बी विक्की के घर को भी आरोपियों ने उसी रात निशाना बनाया। उन्होंने विक्की के घर के गेट पर पेट्रोल डालकर उसमें आग लगाने की कोशिश की। सौभाग्य से गेट लोहे का था और घरवाले समय पर जाग गए, जिससे आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
पहले भी की गई थी विक्की की बाइक में आगजनी
यह पहली घटना नहीं थी। इससे पहले भी आरोपियों ने पेवर ब्लॉक पर गाली-गलौच और अश्लील शब्द लिखे थे। 5 नवंबर 2024 को बी विक्की के घर के बाहर खड़ी बाइक को भी आग के हवाले कर दिया गया था। उस वक्त पुलिस ने केस तो दर्ज किया था, लेकिन आरोपियों की पहचान न होने से फाइल ठंडे बस्ते में चली गई।
मोहल्ले में गुस्सा, कार्रवाई की मांग
इन घटनाओं के बाद इलाके में दहशत और गुस्सा दोनों हैं। मोहल्लेवासियों और बाला राजू ने पुलिस को चेतावनी दी है कि अगर इस बार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तो वे खुद उन्हें पकड़ लेंगे और फिर जो भी होगा, उसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


