भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई , ट्रेन में सफर के दौरान जब एक महिला से 65 लाख की ज्वेलरी चोरी हुई, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अब इस सनसनीखेज चोरी का खुलासा GRP भिलाई ने कर दिया है।
करीब एक महीने पहले शिवनाथ एक्सप्रेस में सफर कर रही महिला से चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया था। अब इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सायबर सेल की मदद से राउरकेला (ओडिशा) से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम संतोष साव उर्फ अफरीदी (34) और अब्दुल मन्नान उर्फ सुरेश मिश्रा (55) हैं। दोनों राउरकेला, जिला सुंदरगढ़, ओडिशा के रहने वाले हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए GRP थाना भिलाई की टीम ने लंबी जांच और सायबर ट्रेसिंग की मदद ली।
घटना 4 अप्रैल 2025 की है। गोंदिया (महाराष्ट्र) की रहने वाली हिना पटेल अपने पति के साथ शिवनाथ एक्सप्रेस के कोच HA-1, A-2 सीट नं. 21 में सफर कर रही थीं। राजनांदगांव से दुर्ग के बीच उनका लेडीज पर्स चोरी हो गया, जिसमें 65 लाख कीमती ज्वेलरी और 45 हजार नगद थे।
शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक रेल श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने टीम को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच में गोंदिया से भाटापारा तक के स्टेशनों का टॉवर डंप निकाला गया, CCTV फुटेज खंगाले गए और आसपास के होटलों की सघन जांच की गई।
विज्ञापन
अधिक जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करे
इसी जांच में कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबर और फुटेज सामने आए, जिनकी लोकेशन बाद में राउरकेला पाई गई। वहां सायबर टीम ने नजर रखकर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की बात स्वीकार कर ली।
दोनों आरोपी AC कोच में फर्जी नाम और मोबाइल नंबर से यात्रा करते हैं। वे यात्रियों का ट्रॉली बैग, पर्स चुपचाप चोरी कर लेते हैं। चोरी के बाद मोबाइल और पर्स को ट्रेन से बाहर फेंक देते हैं ताकि पहचान न हो।
पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि उन्होंने 11 लाख रुपए का हीरे का हार कोलकाता में बेचा और रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया। जांच में खातों में पैसे की पुष्टि भी हुई। इनके पास से नकद 20 हजार और फर्जी आधार कार्ड भी जब्त किया गया है।
पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है। संभावना जताई जा रही है कि इनके खिलाफ अन्य वारदातें भी सामने आ सकती हैं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi



