विज्ञापन

भिलाई के सुपेला में रेलवे ट्रैक पर दर्दनाक हादसा: खड़ी वैगन पर चढ़ा युवक, ओएचई की चपेट में आकर बुरी तरह झुलसा, अस्पताल में इलाज जारी..

भिलाई के सुपेला अंडरब्रिज के पास मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक पर खड़ी बीटीपीएन वैगन पर चढ़ा एक युवक ओएचई लाइन की चपेट में आ गया। झटके के बाद वह नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना मिलते ही पुलिस, आरपीएफ और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

भिलाई के सुपेला में रेलवे ट्रैक पर खड़ी वैगन पर चढ़ा युवक ओएचई की चपेट में आकर झुलसा

घटना सुपेला अंडरब्रिज के पास की है। जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक पर बीटीपीएन (BTPN) वैगन वाली गुड्स ट्रेन सिग्नल नहीं मिलने के कारण खड़ी थी। बताया जा रहा है कि वैगन में डीजल भरा हुआ था। इसी दौरान युवक गणेश गुप्ता, निवासी गौतम नगर सुपेला, एक वैगन की सीढ़ी के सहारे ऊपर चढ़ गया।

जैसे ही युवक वैगन के ऊपर पहुंचा, वह ओएचई लाइन के संपर्क में आ गया। तेज झटके के साथ वह नीचे गिर पड़ा और बुरी तरह झुलस गया।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घायल युवक का शरीर कई जगह से झुलस चुका था। वह बार-बार खुद को अस्पताल ले जाने की बात कह रहा था। लोगों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस, आरपीएफ के जवान और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। युवक ने मौके पर अपना नाम भी खुद बताया। करीब 40 मिनट बाद एंबुलेंस पहुंची। इसके बाद आसपास मौजूद युवकों की मदद से घायल गणेश गुप्ता को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल शास्त्री अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक के नशे की हालत में होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि वह अपने दो साथियों के साथ रेलवे ट्रैक के पास शराब का सेवन कर रहा था। इसके बाद अचानक बीटीपीएन वैगन पर चढ़ गया और ओएचई लाइन की चपेट में आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन के गार्ड ने युवक को आवाज देकर रोकने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक हादसा हो चुका था। घटना के बाद युवक के दोनों साथी उसे मौके पर छोड़कर वहां से चले गए।