रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 101 म्यूल अकाउंट धारक गिरफ्तार , 30 घंटे तक चली इस कार्रवाई में 200 से ज्यादा पुलिसकर्मी रहे शामिल....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर पुलिस ने साइबर क्राइम के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए 101 म्यूल अकाउंट धारकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रायपुर रेंज आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देश पर साइबर रेंज और रायपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने की। 30 घंटे तक चली इस कार्रवाई में 200 से ज्यादा पुलिसकर्मी शामिल रहे।

इससे पहले 98 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। पुलिस ने 250 म्यूल अकाउंट धारकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी, जिसमें डेढ़ करोड़ के लेनदेन का खुलासा हुआ था।गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ देशभर के थानों में 930 साइबर क्राइम मामले दर्ज हैं। इनके जरिए 1.57 करोड़ रुपये की ठगी की गई, जिसमें से 1.06 करोड़ रुपये के खातों को होल्ड कर लिया गया है। 

यह रकम पीड़ितों को लौटाने की प्रक्रिया शुरू होगी। साइबर क्राइम पोर्टल में 1100 से अधिक म्यूल अकाउंट्स की जांच के बाद यह कार्रवाई हुई। टिकरापारा, सिविल लाइन, गंज, कोतवाली और आजाद चौक थानों में मामले दर्ज कर रेंज साइबर थाने को जांच सौंपी गई थी।पुलिस ने तकनीकी सबूतों और बैंक लेनदेन के आधार पर आरोपियों को पकड़ा। ये लोग डिजिटल अरेस्ट, फर्जी शेयर ट्रेडिंग ऐप, क्रिप्टो करेंसी, गूगल रिव्यू टास्क और बैंक KYC अपडेट जैसे अपराधों में शामिल थे। 

20 से ज्यादा टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश की गई। कुछ खाते किराए पर या 10-20% कमीशन पर ठगी के लिए दिए जाते थे। कुछ आरोपियों के खिलाफ हत्या, बलवा, जुआ और NDPS जैसे पुराने मामले भी हैं।पुलिस को बैंकों से असामान्य लेनदेन वाले खातों की जानकारी मिल रही है। पूछताछ में और लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी जल्द होगी। जांच अभी जारी है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi