छत्तीसगढ़ में मौसम का प्रकोप: रायपुर , दुर्ग में बारिश , बिजली गिरने 3 दिन में 3 की मौत, गरज-चमक और बारिश का सिलसिला जारी....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग , वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। रायपुर के बाहरी इलाकों और दुर्ग में सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं, बस्तर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटों में रायगढ़ के कापू क्षेत्र में सर्वाधिक 51.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसी दौरान बीते 3 दिनों में बिजली गिरने की घटनाओं में 3 लोगों की मौत हो गई।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव घटा, तापमान में वृद्धि की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। अगले 24 घंटों में प्रदेश का अधिकतम तापमान स्थिर रहने की संभावना है, जबकि आने वाले 4 दिनों में उत्तर छत्तीसगढ़ यानी सरगुजा संभाग और आसपास के क्षेत्रों में दिन के तापमान में 5 से 6 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की वृद्धि होने की संभावना है।

बारिश और ओलावृष्टि के आंकड़े

मौसम विभाग के मुताबिक, जशपुर और शंकरगढ़ में 50 मिमी, सूरजपुर में 40 मिमी, भैयाथान, अंतागढ़ और कोचली में 30 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा, प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

शनिवार को कैसा रहा मौसम?

शनिवार को राजनांदगांव में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा। मौसम में आए बदलाव के कारण अधिकतर क्षेत्रों में दिन का तापमान सामान्य से कम देखा गया।

रायपुर में बादलों की मौजूदगी

रायपुर में सुबह से ही बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। शनिवार को यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 35 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रात का तापमान 22.7 डिग्री दर्ज किया गया। माना क्षेत्र में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से क्रमशः 3.5 डिग्री और 0.6 डिग्री कम था।

बिलासपुर में तापमान सामान्य से कम

शनिवार को बिलासपुर में दिन का तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 0.7 डिग्री अधिक था। वहीं, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहा, जो सामान्य से क्रमशः 4 डिग्री और 2 डिग्री कम था।

बस्तर में हल्की बारिश के आसार

बस्तर संभाग के जिलों में आज गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। शनिवार को जगदलपुर में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम था। रात का तापमान 21.1 डिग्री दर्ज किया गया।

बिजली गिरने से 3 दिनों में 3 लोगों की मौत

पिछले 3 दिनों में बिजली गिरने की घटनाओं में प्रदेश में 3 लोगों की जान चली गई है। इनमें बलरामपुर जिले में एक व्यक्ति, एमसीबी जिले में एक महिला और कोंडागांव में एक युवक की मौत हुई। इसके अलावा, कोरबा जिले में तेज आंधी के कारण एक निर्माणाधीन राइस मिल की दीवार गिरने से 2 मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो गई और 6 लोग घायल हो गए। हालांकि, घायलों की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi