होटल पार्टी में बनाया वीडियो, फिर किया वायरल
पीड़िता ने 3 मार्च को पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह 2014-15 से चमन साहू को जानती थी, जो कभी-कभी उसके घर भी आता-जाता था। वर्ष 2021-22 में एक होटल में आयोजित पार्टी के दौरान, जब उसके अन्य मित्र वहां से चले गए, तो चमन ने नशे की हालत में उसका अश्लील वीडियो बना लिया।
शुरुआत में पीड़िता को इस बात की जानकारी नहीं थी, लेकिन जब उसे वीडियो के बारे में पता चला, तो उसने चमन से इसे डिलीट करने के लिए कहा। आरोपी ने दिखावे के लिए वीडियो हटाने का नाटक किया, लेकिन बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके चलते पीड़िता को मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित होना पड़ा।
आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने चमन साहू के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67 और 67(ए) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके बाद 4 मार्च को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने उसका मोबाइल भी जब्त कर लिया है।
पद से इस्तीफा, जिला कांग्रेस में काम करने की इच्छा
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद चमन साहू ने एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय को लिखे अपने त्याग पत्र में उन्होंने उल्लेख किया कि वह पिछले 14 वर्षों से एनएसयूआई के विभिन्न पदों पर कार्यरत थे। अब वह जिला कांग्रेस कमेटी से जुड़कर कार्य करना चाहते हैं, इसलिए उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया है।

